पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस वक्त न्यूजीलैंड के दौरे पर है और टी-20 सीरीज गंवाने के बाद अब टेस्ट श्रृंखला में उतर चुकी है। दोनों देशों के बीच शनिवार से पहला टेस्ट मैच भी बे ओवल में शुरू हो गया जहां शुरुआती बढ़त के बाद पाकिस्तानी टीम बैकफुट पर चली गई है। उधर न्यूजीलैंड दौरे पर कोरोना महामारी और खिलाड़ियों की चोट से जूझ रही पाकिस्तानी टीम को अब एक और बड़ा झटका लगा है। पाकिस्तान के हरफनमौला शादाब खान बाईं जांघ में लगी चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अगले महीने घरेलू श्रृंखला नहीं खेल सकेंगे।
न्यूजीलैंड में एमआरआई स्कैन के बाद डॉक्टरों ने शादाब को छह सप्ताह के आराम की सलाह दी है। उन्हें नेपियर में तीसरे टी-20 मैच के दौरान चोट लगी थी जिसकी वजह से वह पहला टेस्ट भी नहीं खेल सके।
टीम के डॉक्टर सोहेल सलीम ने कहा कि शादाब की यह चोट नई है और वह चोट नहीं है जो पिछले महीने उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलते समय लगी थी। शादाब पाकिस्तानी टीम के साथ न्यूजीलैंड में ही रहेंगे लेकिन क्राइस्टचर्च में तीन जनवरी से दूसरा टेस्ट भी नहीं खेल पाएंगे।
बता दें कि न्यूजीलैंड दौरे के बाद पाकिस्तान की टीम दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी करेगी। यहां दोनों टीमों के बीच 26 जनवरी से 14 फरवरी तक दो टेस्ट और तीन टी-20 मैच खेले जाएंगे।