पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक ने अपनी गेंदबाजी एक्शन को लेकर उठ रहे सवालों पर खुलकर जवाब दिया है। लगातार लग रहे 'चकिंग' के आरोपों को खारिज करते हुए तारीक ने कहा कि उनका एक्शन आईसीसी के नियमों के अनुरूप है और इसे बायोमैकेनिकल टेस्ट में मंजूरी मिल चुकी है।
गेंदबाजी एक्शन पर उठे सवाल, तारिक ने दिया जवाब
तारिक ने बताया कि पाकिस्तान में उनके एक्शन की दो बार जांच हो चुकी है और दोनों बार वह तय 15 डिग्री एल्बो फ्लेक्शन की सीमा के भीतर पाए गए। उन्होंने कहा कि उनके हाथ की शारीरिक बनावट की वजह से दर्शकों को उनका एक्शन संदिग्ध लगता है, जबकि वास्तव में वह गेंद फेंकते नहीं हैं।
इंटरनेशनल लीग टी20 फाइनल से पहले द नेशनल से बात करते हुए तारिक ने आलोचकों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिना क्रिकेट की सही जानकारी के टिप्पणी करना गलत है। उन्होंने कहा कि अगर उनका एक्शन अवैध होता तो आईसीसी उन्हें सुधार करने के लिए कहती, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। टी20 लीगों में शानदार प्रदर्शन कर चुके तारिक ने पाकिस्तान के लिए अब तक दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने छह विकेट लिए हैं। आने वाले टी20 विश्व कप 2026 से पहले उनका नाम चर्चा में बना हुआ है।