महिला प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत से पहले यूपी वॉरियर्स ने नए कप्तान का एलान कर दिया है। मेग लैनिंग को टीम की कमान सौंपी गई है। यूपी वॉरियर्स ने उन्हें नीलामी में 1.9 करोड़ रुपये में खरीदा था। महिला क्रिकेट के इतिहास की सबसे सफल कप्तानों में शुमार लैनिंग ऑस्ट्रेलिया के लिए सात विश्व कप विजेता अभियानों का हिस्सा रह चुकी हैं, जिनमें दो आईसीसी महिला वनडे विश्व कप और पांच आईसीसी महिला टी20 विश्व कप खिताब शामिल हैं। उनकी नियुक्ति फ्रेंचाइजी के लिए एक अहम नेतृत्व परिवर्तन मानी जा रही है।
मेग लैनिंग के पास अपार अनुभव
लैनिंग ने यह जिम्मेदारी एलिसा हीली से संभाली है, जिन्हें पहले यूपी वॉरियर्स का कप्तान बनाया गया था लेकिन चोट के कारण उन्हें यह भूमिका छोड़नी पड़ी। इसके बाद दीप्ति शर्मा ने टीम की कप्तानी की। हालांकि, इस दौरान टीम को अस्थिर प्रदर्शन और खिलाड़ियों की उपलब्धता से जुड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। डब्ल्यूपीएल के नए चरण में प्रवेश कर रही यूपी वॉरियर्स ने नेतृत्व के लिए अनुभव, स्थिरता और शांत स्वभाव को प्राथमिकता देते हुए लैनिंग पर भरोसा जताया है। उनकी मौजूदगी अंतरराष्ट्रीय सितारों और शीर्ष भारतीय खिलाड़ियों के संतुलित मिश्रण वाली टीम को और मजबूती देगी। मेग लैनिंग डब्ल्यूपीएल के अब तक के सीजन में भी सबसे लगातार प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों में रही हैं। उन्होंने 27 मैचों में 952 रन बनाए हैं।
कप्तान बनने पर जताई खुशी
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए लैनिंग ने कहा, 'यूपी वॉरियर्स की कप्तानी करना मेरे लिए सम्मान की बात है। जैसे-जैसे डब्ल्यूपीएल अपने चौथे सीजन में प्रवेश कर रहा है, लीग का स्तर, प्रतिस्पर्धा और नई प्रतिभाओं का उभरना वाकई शानदार रहा है। यह टीम अंतरराष्ट्रीय अनुभव और भारतीय खिलाड़ियों का बेहतरीन मिश्रण है और मैं इस चुनौती के लिए उत्साहित हूं।'
अभिषेक नायर भी की तारीफ
मुख्य कोच अभिषेक नायर ने भी लैनिंग की कप्तानी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, 'मेग अनुभव, स्पष्ट सोच और शांत स्वभाव का दुर्लभ संयोजन लेकर आती हैं। दबाव के क्षणों में टीम को संभालने की उनकी क्षमता इस समूह के लिए बेहद अहम साबित होगी।'