वेस्टइंडीज ने तीन मैचों की सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे में पाकिस्तान को 202 रन से रौंद दिया। साथ ही सीरीज भी 2-1 से अपने नाम की। यह वेस्टइंडीज की पाकिस्तान पर 34 साल बाद द्विपक्षीय वनडे सीरीज की जीत है। पिछली बार वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान के खिलाफ कोई द्विपक्षीय वनडे सीरीज 1991/92 में पाकिस्तान दौरे पर ही जीती थी। तब तीन मैचों की वनडे सीरीज को उन्होंने 2-0 से अपने नाम किया था। वेस्टइंडीज के जीतने पर पाकिस्तान के फैंस बौखला गए हैं। पाकिस्तानी फैंस ने अपनी टीम को ट्रोल किया है और कहा है कि वनडे रैंकिंग में नौवें नंबर पर काबिज टीम ने एक स्टार से भरी टीम, जो कि वनडे रैंकिंग में पांचवें स्थान पर है, उसको रौंद दिया। साथ ही फैंस ने यह भी कहा है कि पाकिस्तान की टीम एशिया कप में उनसे समर्थन की उम्मीद न करे।
वेस्टइंडीज बनाम पाकिस्तान
- फोटो : ANI
शुरुआती दो संस्करणों में विश्व चैंपियन रह चुकी वेस्टइंडीज की टीम ने 34 साल के लंबे इंतजार के बाद पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज जीती और यह नतीजा उनकी सुनहरी यादों में शामिल हो गया। मुश्किल पिच पर बल्लेबाजी करते हुए टीम ने शुरुआती 20 ओवर में तीन रन प्रति ओवर से भी धीमी गति से रन बनाए, लेकिन कप्तान शाई होप ने धैर्य और आक्रामकता का शानदार मेल दिखाते हुए शतक जड़ा। रोस्टन चेज और जस्टिन ग्रीव्स ने अहम साझेदारियां निभाईं और टीम का स्कोर 50 ओवर में 294 तक पहुंचाया। इसके बाद गेंदबाज जेडन सील्स ने अपनी धारदार गेंदबाजी से पाकिस्तान की कमर तोड़ दी। पाकिस्तान, जो अपने अनुभवी वनडे स्क्वॉड के लिए जाना जाता है, इस हार को पचाना मुश्किल पाएगा। दोनों टीमें अपने अप्रत्याशित खेल के लिए मशहूर हैं, लेकिन इस बार मेजबानों ने बाजी मार ली। त्रिनिदाद में 294 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 29.2 ओवर में 92 रन पर सिमट गई।
रिजवान और बाबर
- फोटो : Twitter Screengrab
पाकिस्तानी फैंस इस हार को पचा नहीं पा रहे हैं और इसे कई लोगों ने राष्ट्रीय शर्म और शर्मिंदगी का विषय बताया। लोगों ने अपना असंतोष व्यक्त करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। मोहिद अली नाम के फैन ने लिखा, 'पाकिस्तान क्रिकेट, फैंस को उस हद तक न धकेलें कि एशिया कप में एक भी पाकिस्तानी मैच देखने न पहुंचे।' वहीं, बाबर नाम के एक्स हैंडल यूजर ने लिखा, 'यह वाकई शर्मनाक है कि इतने नीचे रैंक की टीम ने 294 रन बना डाले और पाकिस्तान की टीम 92 रन पर सिमट गई। यहां तक कि बाबर भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। हमें आपसे काफी उम्मीदें थीं। शाई होप की शानदार पारी और सील्ड ने गजब की गेंदबाजी की।' बॉबी बिष्ट नाम के एक्स यूजर ने लिखा, 'होप ने 120 रन बनाए और पाकिस्तान के 11 खिलाड़ी मिलकर भी 92 रन ही बना सके।
शाई होप और बाबर-रिजवान
- फोटो : ANI
वेस्टइंडीज की पारी
पाकिस्तान के कप्तान रिजवान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की शुरुआत खराब रही थी। ब्रैंडन किंग पांच रन बनाकर ही पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद एविन लुईस और केसी कार्टी ने दूसरे विकेट के लिए 47 रन जोड़े। लुईस 54 गेंद में एक चौका और तीन छक्कों की मदद से 37 रन और कार्टी 17 रन बनाकर आउट हुए। फिर कप्तान होप ने शेरफेन रदरफोर्ड के साथ चौथे विकेट के लिए 45 रन जोड़े। रदरफोर्ड 40 गेंद में 15 रन बना सके। इसके बाद चेज ने होप के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 64 रन जोड़े। चेज ने 29 गेंद में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 36 रन की तेजतर्रार पारी खेली। इगुडाकेश मोती पांच रन बना सके। वहीं, होप ने फिर जस्टिन ग्रीव्स के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 110 रन की अटूट साझेदारी कर वेस्टइंडीज को 294 के स्कोर तक पहुंचाया। होप ने वनडे करियर का 18वां शतक पूरा किया। वह 94 गेंद में 10 चौके और पांच छक्कों की मदद से 120 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, ग्रीव्स ने 24 गेंद में चार चौके और दो छक्कों की मदद से 43 रन की नाबाद पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से नसीम शाह और अबरार अहमद को दो-दो विकेट मिले। वहीं, सैम अयूब और मोहम्मद नवाज को एक-एक विकेट मिला।
पाकिस्तान की टीम
- फोटो : PCB
पाकिस्तान की पारी
जवाब में पाकिस्तान के शीर्ष चार फ्लॉप रहे। टीम के आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। इनमें से पांच बल्लेबाज तो खाता तक नहीं खोल सके। टीम 29.2 ओवर में 92 रन पर सिमट गई। सैम अयूब, अब्दुल्लाह शफीक, कप्तान रिजवान, हसन अली और अबरार अहमद खाता नहीं खोल सके। वहीं, बाबर आजम नौ रन बना सके। सलमान आगा 30 रन, हसन नवाज 13 रन और मोहम्मद नवाज नाबाद 23 रन ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। हुसैन तलत एक रन और नसीम शाह छह रन बनाकर आउट हुए। वेस्टइंडीज की ओर से जेडन सील्स ने 7.2 ओवर में 18 रन देकर छह विकेट लिए। इसके अलावा मोती को दो विकेट मिले। चेज ने एक विकेट लिया।