कोरोना संकट के बीच एक बार फिर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट वापसी के लिए तैयार है। इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने सोमवार को पाकिस्तान के साथ होने वाली श्रृंखला के कार्यक्रम की घोषणा कर दी। कोविड-19 महामारी के मद्देनजर इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच पहला टेस्ट पांच से नौ अगस्त के बीच दर्शकों के बगैर खेला जाएगा। श्रृंखला के बाकी दोनों पांच दिवसीय मुकाबले साउथम्पटन के एजेस बाउल में 13 से 17 अगस्त और 21 से 25 अगस्त तक खेले जाएंगे।
टेस्ट श्रृंखला के बाद तीन मैचों की टी-20 श्रृंखला को 28 अगस्त से खेला जाएगा। सभी टी-20 मैचों को साउथम्पटन में खेला जाएगा।
पाकिस्तान के खिलाफ श्रृंखला शुरू होने से पहले इंग्लैंड की टीम आयरलैंड के खिलाफ 30 जुलाई, एक और चार अगस्त को तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला खेलेगी। पाकिस्तान की टीम 28 जून को इंग्लैंड पहुंची थी। वे 14 दिनों के पृथकवास पर है। टीम 13 जुलाई को टेस्ट मैच के लिए अभ्यास शुरू करेगी।
ईसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉम हैरीसन ने कहा, ‘आयरलैंड और पाकिस्तान के खिलाफ इन मैचों की पुष्टि हमारे खेल के लिए एक और महत्वपूर्ण कदम है क्योंकि हम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को फिर से सुरक्षित रूप से शुरू करना चाहते हैं।