पाकिस्तान ने क्रिकेट के मक्का में कमाल करते हुए एक नया इतिहास रच दिया है। पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड को 75 रन से हराकर पाकिस्तान ने 20 सालों में लॉर्ड्स के मैदान में अपनी पहली जीत दर्ज की।
283 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही इंग्लैंड की टीम को पाकिस्तान ने 207 रन पर ऑलआउट कर दिया। सीरीज का पहला टेस्ट जीतकर पाकिस्तान ने 1-0 की बढ़त बना ली है।
इस जीत में कप्तान मिस्बाह-उल-हक़ के शतक और यासिर शाह की शानदार बॉलिंग की मुख्य भूमिका रही। इस ऐतिहासिक जीत में यासिर ने 10 विकेट लिए।
स्टुअर्ट ब्रॉड ने पाकिस्तान के निचले क्रम के बल्लेबाजों को जल्दी ही चलता कर दिया और मेजबान टीम को 283 रन का लक्ष्य मिला। लेकिन राहत अली ने शुरुआत में 36 रन देकर 3 विकेट लेकर पाकिस्तान को राहत दी। इसके बाद इंग्लैंड के पास यासिर की स्पिन का कोई जवाब नहीं था। दूसरी पारी में यासिर ने चार विकेट लिए।