मिस्बाह उल हक की अगुवाई में पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने पिछली असफलता को पीछे छोड़ते हुए वेस्ट इंडीज से पांच मैचों की वनडे सीरीज अपने नाम कर ली है।
सीरीज के पांचवें और अंतिम मैच में वेस्ट इंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सात विकेट पर 242 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान ने एक गेंद शेष रहते 49.5 ओवर में छह विकेट पर 243 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
मेहमान पाक टीम ने यह सीरीज 3-1 से अपने नाम की। सीरीज का चौथा मैच टाई रहा था। दोनों टीमें अब दो मैचों की ट्वंटी-20 खेलेंगी जो शनिवार और रविवार को खेला जाएगा।
पाक की इस जीत में कप्तान मिस्बाह का अहम योगदान रहा। उन्होंने 93 गेंदों में 63 रनों की नाबाद पारी खेली। उनकी इस शानदार पारी के लिए उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। मिस्बाह के अलावा अहमद शहजाद ने 64 रनों का योगदान दिया। मिस्बाह को मैन ऑफ द सीरीज भी चुना गया।
इससे पहले पाक ने टॉस जीतकर मेजबान वेस्ट इंडीज को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। हालांकि पाक की कसी हुई गेंदबाजी के कारण मेजबान टीम को शुरू में खेलने में खासी दिक्कत हुई। लेकिन टीम बल्लेबाजों के संयुक्त प्रयास के दम पर सम्मानजनक स्कोर खड़ा करने में सफल रही।
विंडीज पारी में कप्तान ड्वेन ब्रावो ने अंतिम ओवरों में आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में नाबाद 48 रन (5 चौका व 3 छक्का) बटोरे। ब्रावो के अलावा एम सैमुअल्स ने 45 और जॉनसन चार्ल्स ने 43 रनों का योगदान दिया।
पाक की ओर से जुनैद खान ने तीन, मोहम्मद इरफान और सईद अजमल ने दो-दो विकेट झटके। जबकि विंडीज की ओर से टिनो बेस्ट ने तीन विकेट हासिल किए।