कराची के नेशनल स्टेडियम में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 203 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम सिर्फ 60 रन पर ढेर हो गई। इस जीत के साथ ही पाकिस्तान ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का दूसरा मैच सोमवार को कराची में ही खेला जाएगा। मैच में 41 रन और एक विकेट लेने का ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले हुसैन तलत को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया, लेकिन उसका यह फैसला गलत साबित हुआ क्योंकि पाकिस्तान ने 200 से ऊपर का स्कोर बनाकर मेहमान टीम पर दबाव बना दिया। पाकिस्तान की तरफ से हुसैन तलत सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे। उन्होंने 41 रन की पारी खेली। उनके अलावा फखर जमान ने 24 गेंदों में 39, कप्तान
सरफराज अहमद ने 22 गेंदों में 38 और
शोएब मलिक ने 14 गेंदों में 37 रन की धुआंधार पारी खेली। वेस्टइंडीज की तरफ से कीमो पॉल, रयाद एमरिट और रोवमन पॉवेल ने 1-1 विकेट लिया।
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही और उसके शीर्ष 4 विकेट 15 रन के स्कोर के भीतर ही गिरे। मार्लन सैमुअल्स ने 18 रन जरूर बनाये, लेकिन वह टीम को अपने टी20 इंटरनेशनल करियर के सबसे कम स्कोर पर ऑलआउट होने से नहीं रोक सके। कैरीबियाई टीम सिर्फ 13.4 ओवरों में 60 रन पर ढेर हो गई। वेस्टइंडीज के 60 रन का स्कोर टी20 इंटरनेशनल का उनका सबसे कम और कुल मिलाकर चौथा सबसे कम स्कोर है। रिकॉर्ड नीदरलैंड्स (39 vs श्रीलंका, 2014) के नाम है।
पाकिस्तान की तरफ से मोहम्मद नवाज़, मोहम्मद आमिर और शोएब मलिक ने 2-2 और हसन अली, शादाब खान एवं हुसैन तलत ने 1-1 विकेट लिया।
गौरतलब है कि यह कराची के नेशनल स्टेडियम का सिर्फ दूसरा टी20 इंटरनेशनल मैच था। पहला मैच लगभग 10 साल पहले 2008 में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेला गया था।
संक्षिप्त स्कोरकार्ड:
पाकिस्तान: 203/5 (हुसैन तलत 41, सरफ़राज़ अहमद 38, शोएब मलिक 37*)
वेस्टइंडीज: 60 (मार्लन सैमुएल्स 18, मोहम्मद आमिर 2/3, शोएब मलिक 2/13)