पाकिस्तान ने अबु धाबी में खेले गए टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड को 248 रनों से हराकर 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। यह जीत कप्तान मिस्बाह-उल-हक के लिए खासा यादगार है क्योंकि इसके बाद वह पाकिस्तान के सबसे सफल टेस्ट कप्तान बन गए हैं।
पाक की रनों के लिहाज से न्यूजीलैंड पर दूसरी सबसे बड़ी जीत है।
पाक टीम को खेल के अंतिम दिन मैच जीतने के लिए सिर्फ 2 और विकेटों की दरकार थी हालांकि यह सफलता हासिल करने के लिए उसे काफी पसीना बहाना पड़ा। पांचवें दिन न्यूजीलैंड ने अपने कल के स्कोर 8 विकेट पर 174 रन से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन नौंवां विकेट मार्क क्रेग (28) के रूप में जल्द ही गिर गया। हालांकि 10वें विकेट के लिए इश सोढ़ी (63) और ट्रेंट बॉल्ट ने 54 रनों की संघर्षपूर्ण साझेदारी कर अपनी टीम की हार को कुछ देर के लिए टाल जरूर दिया लेकिन वे हार से बचा नहीं सके। अंतिम विकेट सोढ़ी के रूप में गिरा जिन्होंने अपनी टीम की ओर से सबसे बड़ी पारी खेली।
पाक की ओर से यासिर शाह ने 3 विकेट झटके, जबकि राहत अली, इमरान खान और जुल्फिकार बाबर ने 2-2 विकेट निकाले।
इससे पहले पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट पर 566 रन बनाकर अपनी पारी घोषित कर दी थी, उसकी ओर से क्रीज पर उतरे सभी बल्लेबाजों ने बड़ी पारियां खेली। ओपनर अहमद शहजाद (176), यूनिस खान ( नाबाद 100) और कप्तान मिस्बाह-उल-हक (नाबाद 101) बनाए। जबकि ओपनर मोहम्मद हफीज (96) शतक से चूक गए थे और अजहर अली ने 87 रन बनाए। हालांकि पहली पारी में शतक से चूकने वाले हफीज ने दूसरी पारी में 101 रनों की नाबाद पारी खेली थी।
जिसके जवाब में न्यूजीलैंड पहली पारी में 262 रन बनाकर आउट हो गई। 304 रनों की बड़ी बढ़त लेने के बावजूद पाक ने विपक्षी टीम को फॉलोआन नहीं खिलाया और दूसरी पारी में 2 विकेट पर 175 रन बनाकर पारी घोषित करते हुए कीवी टीम को 480 रनों का लक्ष्य दिया।