सोशल मीडिया पर फैंस ने पाकिस्तान को डुप्लीकेट मिस्टर बीन को लेकर ट्रोल तो किया ही, इसमें जिम्बाब्वे के राष्ट्रपति एमर्सन नंगाग्वा भी शामिल हो गए। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ''जिम्बाब्वे के लिए क्या जीत! टीम को बधाई। अगली बार असली मिस्टर बीन भेजना।'' एमर्सन नंगाग्वा के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए भारत के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने भी पाकिस्तान के मजे ले लिए। उन्होंने लिखा, ''राष्ट्रपति जी भी खेल गए। पड़ोसी की दुखती रग।''
क्या है मिस्टर बीन का पूरा मामला?
मैच से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने अभ्यास सत्र की तस्वीरें शेयर की थीं। इस पोस्ट पर जिम्बाब्वे के यूजर नगुगी चसुरा ने कमेंट किया। उन्होंने लिखा, ''जिम्बाब्वे के नागरिक होने के तौर पर हम तुम्हें कभी माफ नहीं करेंगे। एक बार तुमने असली मिस्टर बीन की बजाय नकली पाकिस्तानी बीन को दिखाया था। हम इस मामले को कल मैदान पर देखेंगे। दुआ करो कि बारिश तुम्हें कल बचा ले।'' नगुगी चसुरा के इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर मिस्टर बीन को लेकर चर्चा होने लगी।
कौन हैं मिस्टर बीन?
ब्रिटेन के रोवन एटकिंसन लोगों को हंसाने के लिए मिस्टर बीन का किरदान निभाते हैं। 2016 में हरारे में एक कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान ने एक कलाकार को नकली मिस्टर बीन बनाकर वहां भेज दिया था। उनका नाम आसिफ मुहम्मद है। वह पाकिस्तान में मिस्टर बीन का किरदार निभाकर अपना गुजारा करते हैं। जिम्बाब्वे के फैंस 2016 से उस कार्यक्रम के दौरान हुए 'धोखे' का बदला लेने का इंतजार कर रहे थे। जिम्ब्बावे ने पर्थ में ऐसा कर दिया।