पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अगले महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए सोमवार (23 मई) को टीम का एलान कर दिया। 23 साल के शादाब खान और 28 साल के मोहम्मद नवाज की वनडे टीम में वापसी हुई है। शादाब और नवाज पिछले साल दिसंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में खेले थे, लेकिन चोट के कारण तब से बाहर थे।
पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जानी है। तीनों मैच रावलपिंडी में ही होंगे। पहला मुकाबला आठ जून, दूसरा 10 जून और तीसरा 12 जून को खेला जाएगा। वनडे सीरीज पिछले साल हुई वेस्टइंडीज के पाकिस्तान दौरे का हिस्सा है। तब विंडीज के कैंप में कोरोना के मामले सामने आने के कारण सीरीज को टाल दिया गया था।
मुख्य चयनकर्ता मोहम्मद वसीम ने कहा, ''नवाज और शादाब पूरी तरह फिट हैं। उनदोनों के फिट होने के कारण आसिफ अफरीदी और उस्मान कादिर को टीम से बाहर किया गया है। हमने सीरीज जीतने के लिए एक बेहतरीन टीम का चयन किया है।" 16 सदस्यीय टीम एक जून को रावलपिंडी में ट्रेनिंग कैंप के लिए एकजुट होगी। इंग्लैंड में काउंटी चैंपियनशिप खेलने वाले हारिस रऊफ, हसन अली, मोहम्मद रिजवान और शादाब खान बाद में टीम से जुड़ेंगे।
पाकिस्तान की टीम: बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान, अब्दुल्ला शफीक, फखर जमां, हारिस रऊफ, हसन अली, इफ्तिखार अहमद, इमाम उल हक, खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद वसीम जूनियर, शाहीन शाह अफरीदी, शाहनवाज दहानी, जाहिद महमूद।