पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच तीन वनडे मैच की सीरीज स्थगित कर दी गई है। वेस्टइंडीज की टीम में कोरोना के मामले पढ़ने के बाद दोनों देशों के बोर्ड ने यह फैसला किया है। गुरुवार को वेस्टइंडीज क्रिकेट और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने साझा बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। कैरियबियाई टीम नौ दिसंबर के दिन पाकिस्तान पहुंची थी। इसके बाद से इस टीम के नौ सदस्यों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। गुरुवार को टीम के पांच सदस्यों के कोरोना संक्रमित होने के बाद यह सीरीज स्थगित कर दी गई है।
गुरुवार की सुबह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के कोविड प्रोटोकॉल के तहत बचे हुए 15 खिलाड़ी और छह सपोर्ट स्टाफ का रैपिड कोरोना टेस्ट किया गया। इनमें से सभी 21 सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बाद गुरुवार को टी-20 मैच अपने निर्धारित समय पर आयोजित हुआ, लेकिन वेस्टइंडीज की टीम में खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की कमी के चलते वनडे सीरीज स्थगित कर दी गई।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने बयान में कहा कि दोनों टीमों के खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए और वेस्टइंडीज की टीम में संसाधनों की कमी के चलते दोनों बोर्ड वनडे सीरीज को स्थगित करने पर राजी हुए हैं। यह सीरीज आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्वकप सुपर लीग का हिस्सा है और अब इसका आयोजन अगले साल जून के महीने में किया जाएगा। यह सीरीज 2022 में जून के पहले या दूसरे हफ्ते में आयोजित हो सकती है। इससे वेस्टइंडीज के पास भी वर्ल्डकप में जगह बनाने के लिए अपने सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों को मैदान में उतारने का मौका रहेगा। क्योंकि मौजूदा समय में कैरिबियाई टीम के कई खिलाड़ी कोरोना से संक्रमित हैं।
वेस्टइंडीज वापस लौटेंगे खिलाड़ी
बुधवार को आरटीपीसीआर और गुरुवार को रैपिड एंटीजन टेस्ट में वेस्टइंडीज के जिन खिलाड़ियों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है, वो खिलाड़ी तीसरे टी-20 मैच के बाद अपने देश लौट जाएंगे। वहीं जिन खिलाड़ियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है वो कराची में ही आईसोलेशन पूरा करेंगे। इस दौरान उनके घर लौटने की व्यवस्था की जाएगी ताकि वो क्रिसमस का त्योहार मनाने के लिए अपने परिवार के पास पहुंच सकें। वहीं बुधवार को पाकिस्तान के सभी खिलाड़ियों की आरटीपीसीआर रिपोर्ट निगेटिव आई थी। तीसरे टी-20 के बाद ये सभी खिलाड़ी भी बायो बबल से बाहर हो जाएंगे।