पाकिस्तान के ओपनिंग बल्लेबाज बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान का शानदार प्रदर्शन जारी है। वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज के तीसरे मैच में इन दोनों ने भारत के रोहित शर्मा और लोकेश राहुल के पीछे छोड़ दिया। बाबर और रिजवान ने अंतर्राष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में छठवीं बार शतकीय साझेदारी की। वहीं रोहित और राहुल पांच बार ही ऐसा कर पाए हैं। साल 2021 में पाकिस्तान की यह सलामी जोड़ी शानदार लय में दिखी है। टी-20 वर्ल्डकप के दौरान भी इन दोनों ने कमाल की बल्लेबाजी की थी और अपनी टीम को सेमीफाइनल तक ले जाने में अहम योगदान दिया था।
बाबर और रिजवान पारी की शुरुआत करते हुए सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी करने के मामले में भी सबसे आगे हैं। इन दोनों ने पाकिस्तान के लिए पारी की शुरुआत करते हुए पांच बार शतकीय साझेदारी की है। वहीं भारत के रोहित शर्मा और लोकेश राहुल ने चार बार यह कारनामा किया है। रोहित ने शिखर धवन के साथ भी चार बार भारत के लिए शतकीय साझेदारी की है।