गत उपविजेता पाकिस्तान ग्रुप ए में सहमेजबान अमेरिका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करने जा रहा है। पाकिस्तानी टीम की हालिया फॉर्म अच्छी नहीं रही है। आयरलैंड के खिलाफ उसे टी-20 अंतरराष्ट्रीय में हार मिली। वहीं, इंग्लैंड के हाथों उसे 0-2 से पराजित होना पड़ा।
टीम की कप्तानी शाहीन आफरीदी से छीनकर एक बार फिर बाबर आजम को सौंपी गई है। शाहीन को उपकप्तान बनाया गया था, लेकिन उन्होंने यह जिम्मेदारी लेने से इंकार कर दिया। टीम में मोहम्मद आमिर जैसे दिग्गज बाएं हाथ के तेज गेंदबाज और बाएं हाथ के स्पिनर इमाद वसीम की वापसी हो रही है। हालांकि इमाद चोटिल हो गए हैं और अमेरिका के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध नहीं हैं।
तेज गेंदबाजी है ताकत
पाकिस्तान की ताकत उसकी गेंदबाजी है। उसके पास शाहीन, आमिर, हारिस राउफ, नसीम शाह जैसे विस्फोटक तेज गेंदबाज और शादाब खान जैसे स्पिन ऑलराउंडर हैं। बल्लेबाजी बाबर और मोहम्मद रिजवान पर निर्भर है। इन दोनों अच्छी बल्लेबाजी की है, लेकिन इनका स्ट्राइक रेट समस्या रहा है।
टीम में सैम अय्यूब जैसे नए बल्लेबाज भी हैं। रिकी पोटिंग ने इनकी तारीफ भी की है। फखर जमां और इफ्तिखार अहमद को अपना नाम के अनुसार प्रदर्शन करना होगा। अमेरिका अपने पहले विश्वकप के पहले मैच में कनाडा को सात विकेट सेे हरा चुका है, लेकिन पाकिस्तान के सामने उसकी असली परीक्षा होगी।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
अमेरिका: स्टीवन टेलर, मोनांक पटेल (कप्तान), एंड्रीस गौस, एरॉन जोंस, कोरी एंडरसन, नीतीश कुमार, हरमीत सिंह, शैडली वान शल्कविक, जसदीप सिंह, अली खान, सौरभ नेत्रवलकर।
पाकिस्तान: बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), उस्मान खान, फखर जमान, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, हारिस रऊफ, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, मोहम्मद आमिर, अबरार अहमद/अब्बास अफरीदी।