फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs IRE: भारत ने 46 गेंद रहते जीता मैच, आयरलैंड को लगातार आठवीं बार हराया, पंत ने छक्का लगाकर मैच खत्म किया

Wed, 05 Jun 2024 11:35 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क

सार

भारत ने आयरलैंड को 46 गेंद शेष रहते हराया। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में गेंद शेष रहने के मामले में भारत की चौथी सबसे बड़ी जीत है। टीम इंडिया ने 2021 में स्कॉटलैंड को दुबई में 81 गेंद शेष रहते हराया था। 
विज्ञापन
भारत बनाम आयरलैंड - फोटो : BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

टी20 विश्व कप 2024 में भारत ने जीत के साथ शुरुआत की है। अपने पहले मैच में भारतीय टीम ने न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयरलैंड को आठ विकेट से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड की टीम 16 ओवर में 96 रन पर सिमट गई थी। जवाब में टीम इंडिया ने 12.2 ओवर में दो विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। ऋषभ पंत ने 13वें ओवर में बैरी मैक्कार्थी की गेंद पर रिवर्स स्कूप से छक्का लगाकर मैच खत्म किया। भारत की ओर से कप्तान रोहित शर्मा ने 52 रन बनाए। हालांकि, वह रिटायर्ड हर्ट हो गए। अब तक उनकी चोट की गंभीरता का पता नहीं चल सका है। ग्रुप-ए में अब भारतीय टीम दो अंक के साथ शीर्ष पर आ गई है। उसका अगला मुकाबला नौ जून को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से है।
विज्ञापन

भारतीय टीम - फोटो : ICC/BCCI
भारत ने बनाया रिकॉर्ड
भारत ने आयरलैंड को 46 गेंद शेष रहते हराया। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में गेंद शेष रहने के मामले में भारत की चौथी सबसे बड़ी जीत है। टीम इंडिया ने 2021 में स्कॉटलैंड को दुबई में 81 गेंद शेष रहते हराया था। भारतीय टीम की यह आयरलैंड के खिलाफ लगातार आठवीं जीत रही। भारत ने एक टीम के खिलाफ लगातार सबसे ज्यादा जीत के मामले में बांग्लादेश के खिलाफ बनाए गए रिकॉर्ड की बराबरी की। भारत ने 2009 से लेकर 2018 तक बांग्लादेश के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय में लगातार आठ मैच जीते थे। अब आयरलैंड के खिलाफ भी भारतीय टीम ने ऐसा किया है। 

किसी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ भारत की लगातार सबसे ज्यादा जीत
खिलाफ मैच जीते साल
बांग्लादेश 8 2009-18
आयरलैंड 8* 2009-24*
ऑस्ट्रेलिया 7 2013-17
श्रीलंका 7 2016-17
वेस्टइंडीज 7 2018-19

टी20 में भारत की सर्वाधिक गेंद शेष रहते हुए जीत
खिलाफ शेष गेंदें जगह साल
स्कॉटलैंड 81 दुबई 2021
बांग्लादेश 64 हांग्जो 2023
यूएई 59 मीरपुर 2016
आयरलैंड 46* न्यूयॉर्क 2024
जिम्बाब्वे 41 हरारे 2016

भारतीय टीम - फोटो : ICC
भारतीय गेंदबाजों के आगे आयरलैंड 96 पर ढेर
इससे पहले हार्दिक पांड्या (3/27), अर्शदीप सिंह (2/35), जसप्रीत बुमराह (2/6) की शानदार गेंदबाजी के आगे आयरलैंड की पारी 16 ओवर में महज 96 रन पर ढेर हो गए। गैरेथ डैलेनी ने आयरलैंड के लिए सर्वाधिक 26 रन बनाए। रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर आयरलैंड को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। यह वही पिच थी, जिस पर भारत और बांग्लादेश का अभ्यास मैच खेला गया था। अर्शदीप और सिराज ने गेंदबाजी की शुरुआत की।

पहले दो ओवर काफी उछाल देखा गया। तीसरे ओवर की पहली ही गेंद पर अर्शदीप ने आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग (2) को दिसंबर, 2022 के बाद पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे ऋषभ पंत के हाथों कैच करा दिया। पिछले टी-20 विश्वकप में 10 विकेट लेने वाले अर्शदीप ने ओवर की अंतिम गेंद पर बलबर्नी (5) को अंदर आती गेंद पर बोल्ड कर आयरलैंड की ओपनिंग जोड़ी को पवेलियन भेज दिया।

भारतीय टीम - फोटो : ICC/BCCI
पावरप्ले रहा भारत के नाम
जसप्रीत बुमराह ने पहले ही ओवर में छाप छोड़ी। उन्होंने यह ओवर मेडन फेंका। पावरप्ले में आयरलैंड ने दो विकेट पर 26 रन बनाए। हार्दिक पंड्या ने अपने पहले ही ओवर में लोरकन टकर को बोल्ड कर दिया। उन्होंने 13 गेंद में 10 रन बनाए। बुमराह ने अगले ओवर में हैरी टेक्टर (4) को कोहली के हाथों कैच कराकर आयरलैंड को संकट में डाल दिया। इसके बाद तू चल मैं आया वाली स्थिति हो गई।

आयरलैंड ने 22 रन के अंतर खोए छह विकेट
एक समय आयरलैंड का स्कोर दो विकेट पर 28 रन था, लेकिन हार्दिक की गेंदबाजी के आगे स्कोर आठ विकेट पर 50 रन हो गया। हार्दिक ने इस दौरान तीन विकेट चटकाए। इस दौरान अक्षर और सिराज को भी एक-एक विकेट मिला। आईपीएल में खेलने वाले आयरिश गेंदबाज जोश लिटिल ने दो चौके लगाए। उन्होंने डेलनी के साथ 27 रन की साझेदारी की। डेलनी ने इस दौरान हार्दिक पर छक्का भी लगाया, लेकिन बुमराह ने आक्रमण पर वापस आते ही लिटिल (14) को बोल्ड कर दिया। डेलनी ने अर्शदीप के ओवर में एक छक्का और दो चौके लगाए, लेकिन वह इसी ओवर की अंतिम गेंद पर रन आउट हो गए, लेकिन उन्होंने 14 गेंद में दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 26 रन की पारी खेली।

भारतीय टीम - फोटो : ICC/BCCI
रोहित-विराट ओपनिंग करने उतरे
97 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित के साथ ओपनिंग करने आए विराट कोहली (1) का विकेट जल्दी गंवाना पड़ा। रोहित शर्मा ने रिटायर्ड हर्ट होने से पहले 37 गेंद में 52 रन की पारी खेलते हुए भारत को आसान जीत दिला दी। दिसंबर, 2022 के बाद से पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे ऋषभ पंत छक्का लगाकर भारत को जिताया। उन्होंने 26 गेंद में नाबाद 36 रन की पारी खेली। भारत ने 12.2 ओवर में दो विकेट पर 97 रन बनाए।

नहीं चली विराट-रोहित की ओपनिंग जोड़ी
इस मैच में यशस्वी जायसवाल के स्थान पर रोहित और विराट कोहली से ओपनिंग कराने का फैसला लिया गया। यह फैसला रास नहीं आया। रोहित ने लिटिल के ओवर में चौका और छक्का लगाया, लेकिन अडायर के ओवर में विराट थर्डमैन पर कैच दे बैठे। उन्होंने सिर्फ 1 रन बनाया। तीसरे नंबर पर सूर्यकुमार को उतारने की बात थी, लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ अभ्यास मैच की तरह यहां भी ऋषभ पंत को भेजा गया। उन्होंने आते ही चौका लगाया। हालांकि इस दौरान रनों की गति कुछ धीमी हो गई। भारत ने पावरप्ले में एक विकेट पर 39 रन बनाए थे।
विज्ञापन

ऋषभ पंत - फोटो : BCCI
रोहित ने 4000 रन पूरे किए
इस दौरान रोहित शर्मा ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपने 4000 रन भी पूरे कर लिए। विराट कोहली के बाद ऐसा करने वाले वह दूसरे भारतीय हैं। पंत ने 7.5 ओवर में मैक्कार्थी पर चौका लगाकर भारत को 50 रन के पार कराया। पंत ने अपने 1000 टी-20 अंतराष्ट्रीय रन भी पूरी किए। रोहित ने इसके बाद लिटिल पर अपने चिरपरिचित अंदाज में पुल शॉट पर छक्का लगाया। अगली गेंद पर उन्होंने फिर छक्का लगाया और टी-20 विश्व कप में अपने एक हजार रन भी पूरे कर लिए। उन्होंने अपने 600 अंतरराष्ट्रीय छक्के भी पूरे किए।

रोहित ने अडायर की फुलटॉस पर चौका लगा 36 गेंद में अपना 30वां टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक भी पूरा कर लिया। 2012 से 2022 के पिछले पांच विश्व कप में विराट कोहली अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज थे, लेकिन इस बार यह उपलब्धि रोहित शर्मा ने अर्जित की। 10वें ओवर में रोहित 37 गेंद में 52 रन बनाने के बाद रिटायर्ड हर्ट हो गए। नौवें ओवर में लिटिल की गेंद उनके कंधे पर लगी थी। व्हाइट ने सूर्यकुमार (2) को सस्ते में आउट किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें