न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सरफराज के टेस्ट करियर का 50वां मैच भी रहा। इसमें उन्होंने 19वां अर्धशतक जड़ा। सरफराज ने टेस्ट में 2010 में डेब्यू किया था और पिछले 12 साल से खेल रहे हैं, लेकिन उनकी एक खासियत है, जिस पर शायद ही किसी का ध्यान गया होगा। इस खासियत की वजह से सरफराज सनथ जयसूर्या, डेविड वॉर्नर, मार्नेस लाबुशेन जैसे बल्लेबाजों से काफी आगे निकल गए।
दरअसल, टेस्ट में साल 2000 के बाद से स्पिनर्स के खिलाफ सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट के मामले में सरफराज तीसरे नंबर पर हैं। इस मामले में वह सिर्फ भारत के दो बल्लेबाजों से पीछे हैं। इनमें वीरेंद्र सहवाग और ऋषभ पंत शामिल हैं। सहवाग का स्ट्राइक रेट 92.92 है, जबकि पंत का स्ट्राइक रेट 86.70 है। सरफराज ने 2000 के बाद से स्पिनर्स के खिलाफ 82.34 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।
सरफराज ने इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट (77.81), लाबुशेन (70.56), डेविड वॉर्नर (69.61), भारत के रवींद्र जडेजा (69.40), श्रीलंका के डिकवेला (68.84), सनथ जयसूर्या (67.72) जैसे बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया। यहां तक की ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज मैथ्यू हेडन (67.04) भी इस मामले में सरफराज से पीछे हैं।
पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला कराची में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक पांच विकेट पर 317 रन बना लिए हैं। बाबर आजम 161 रन और अघा सलमान तीन रन बनाकर नाबाद है। पाकिस्तान ने एक वक्त 110 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे।
अब्दुल्लाह शफीक, शान मसूद, इमाम उल हक और साउद शकील पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद सरफराज ने बाबर आजम के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 196 रन की साझेदारी निभाई। सरफराज ने अपनी 153 गेंदों पर 86 रन की पारी में नौ चौके लगाए।