इसके बाद बाबर ने साउद शकील के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी निभाई। शकील 22 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद करीब चार साल बाद टीम में वापसी कर रहे विकेटकीपर बल्लेबाज सरफराज अहमद ने कमाल की पारी खेली और बाबर के साथ मिलकर पाकिस्तान को मुश्किल से निकालकर मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
35 साल के पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज ने पिछला टेस्ट जनवरी 2019 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था। इसके बाद मोहम्मद रिजवान के आने के बाद से टेस्ट में सरफराज को टीम से बाहर कर दिया गया था। हालांकि, न्यूजीलैंड के खिलाफ खराब फॉर्म में चल रहे रिजवान को ड्रॉप किया गया और सरफराज को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया और उन्होंने 153 गेंदों में 86 रन की पारी खेल टीम मैनेजमेंट और आलोचकों को करारा जवाब दिया है।
सरफराज अहमद
35 साल के सरफराज ने अपनी पारी में नौ चौके लगाए। साथ ही बाबर के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 196 रन की साझेदारी निभाई। अब टेस्ट में रिजवान की जगह खतरे में पड़ गई है। सरफराज को 2020 में मोहम्मद वसीम अब्बासी के पाकिस्तान क्रिकेट टीम के चीफ सेलेक्टर बनने के बाद से नजरअंदाज किया गया था। टेस्ट के अलावा पिछला वनडे भी सरफराज ने अप्रैल 2021 में खेला था। वहीं, पिछला टी20 नवंबर 2021 में खेला था।
बाबर और सरफराज न्यूजीलैंड के खिलाफ कराची टेस्ट के दौरान
हालांकि, अब सरफराज ने धमाकेदार अंदाज में वापसी की है। मीडिया रिपोर्ट्स में यह बात भी सामने आई थी कि रिजवान सरफराज के बीच कुछ भी सही नहीं है और रिजवान कभी सरफराज को टीम में वापसी करते नहीं देखना चाहते हैं। हालांकि, रमीज राजा के बतौर पीसीबी चीफ के पद से हटते, अब्बासी के चीफ सेलेक्टर के पद से हटते और शाहिद अफरीदी के नए चीफ सेलेक्टर बनते ही सरफराज की वापसी हो गई और उन्होंने अपने 50वें टेस्ट में 19वां अर्धशतक जड़ा। रिजवान इंग्लैंड के खिलाफ तीनों टेस्ट खेले थे और पिछली छह पारियों में कुल मिलाकर 141 रन बनाए हैं। इसमें 19, 7, 10, 30, 29 और 46 रन की पारियां शामिल हैं। यही वजह है कि सरफराज को मौका दिया गया।
सरफराज अहमद और मोहम्मद रिजवान
- फोटो : सोशल मीडिया
सरफराज को एजाज पटेल ने डेरिल मिशेल के हाथों कैच कराया। न्यूजीलैंड की ओर से एजाज पटेल और माइकल ब्रेसवेल को दो-दो विकेट मिले। वहीं, कप्तान टिम साउदी को एक विकेट मिला। पाकिस्तान की टीम पहले ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की रेस से बाहर हो चुकी है। वहीं, न्यूजीलैंड के लिए आगे की राह कठिन है।