फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PAK vs NZ 1st T20: पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को 88 रन से हराया, मैट हेनरी की हैट्रिक, हारिस रऊफ की घातक गेंदबाजी

Sat, 15 Apr 2023 10:47 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लाहौर

सार

मैट हेनरी ने हैट्रिक ली। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास की 45वीं हैट्रिक रही। टी20 अंतरराष्ट्रीय में न्यूजीलैंड और श्रीलंका ने सबसे ज्यादा पांच-पांच बार हैट्रिक ली है।
विज्ञापन
हैट्रिक लेने के बाद हेनरी को बधाई देते साथी खिलाड़ी; बाबर आजम और हारिस रऊफ - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पाकिस्तान ने पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड को 88 रन से करारी शिकस्त दी। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम 19.5 ओवर में 182 रन पर सिमट गई। मैट हेनरी ने सीरीज के पहले ही मुकाबले में हैट्रिक विकेट झटके। वहीं, फखर जमान और सैम अयूब ने 47-47 रन की पारी खेली।
विज्ञापन


जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 15.3 ओवर में 94 रन पर सिमट गई। तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने कहर बरपाते हुए चार विकेट झटके। न्यूजीलैंड ने इस दौरे के लिए अपने दोयम दर्जे की टीम भेजी है। इस टीम में कई अहम खिलाड़ी नहीं खेल रहे हैं। ग्लेन फिलिप्स, टिम साउदी, लोकी फर्ग्यूसन और डेवोन कॉनवे समेत कई कीवी खिलाड़ी आईपीएल में व्यस्त हैं। ऐसे में न्यूजीलैंड क्रिकेट ने दौरे के लिए उन खिलाड़ियों को भेजा है जो आईपीएल में किसी टीम का हिस्सा नहीं हैं।

पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही थी

पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही थी। 30 रन के स्कोर तक पाकिस्तान को दो झटके लग चुके थे। मोहम्मद रिजवान आठ रन और कप्तान बाबर आजम नौ रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद फखर जमान और सैम अयूब ने तीसरे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी निभाई। सैम 28 गेंदों पर छह चौके और दो छक्के की मदद से 47 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, फखर भी 34 गेंदों में चार चौके और दो छक्के की मदद से 47 रन ही बना सके। 

मैट हेनरी की हैट्रिक

13वें ओवर की आखिरी दो गेंदों पर मैट हेनरी ने दो विकेट लिए। उन्होंने शादाब खान और इफ्तिखार अहमद को आउट किया। शादाब पांच रन और इफ्ताखिर खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद 19वें ओवर की पहली गेंद पर शाहीन अफरीदी (1) को आउट कर हेनरी ने हैट्रिक पूरी की। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास की 45वीं हैट्रिक रही। टी20 अंतरराष्ट्रीय में न्यूजीलैंड और श्रीलंका ने सबसे ज्यादा पांच-पांच बार हैट्रिक ली है। इमाद वसीम 16 रन, फहीम अशरफ 22 रन और हारिस रऊफ 11 रन बना सके। हेनरी के अलावा एडम मिल्ने और बेन लिस्टर ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, जेम्स नीशम और ईश सोढ़ी को एक-एक विकेट मिला। हैट्रिक का वीडियो नीचे देखें-

न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों का खराब प्रदर्शन

183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत खराब रही। 29 रन तक टीम ने तीन विकेट गंवा दिए थे। चैड बोवेस एक रन, विल यंग दो रन और डेरिल मिचेल 11 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान टॉम लाथम ने मार्क चैपमैन के साथ मिलकर न्यूजीलैंड की पारी संभालने की कोशिश की। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 27 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी को हारिस रऊफ ने लाथम को आउट कर तोड़ा। लाथम ने 24 गेंदों में 20 रन बनाए।
विज्ञापन

रऊफ ने चार और वसीम ने दो विकेट झटके

चैपमैन 27 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 34 रन बना सके। इमाद वसीम ने एडम मिल्ने (3) और मैट हेनरी (0) को आउट किया। वहीं, हारिस रऊफ ने नीशम (15) रचिन रवींद्र (2) और बेन लिस्टर (0) को आउट कर न्यूजीलैंड की पारी को 94 रन पर समेट दिया। पाकिस्तान की ओर से रऊफ ने चार और इमाद वसीम ने दो विकेट लिए। वहीं, शाहीन अफरीदी, जमान खान, फहीम अशरफ और शादाब खान को एक-एक विकेट मिला।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें