पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच ढाका में दो टेस्ट की सीरीज का दूसरा मैच खेला जा रहा है। पाकिस्तान ने पहली पारी में चार विकेट पर 300 रन बनाकर डिक्लेयर कर दिया था। जवाब में बांग्लादेश ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक सात विकेट गंवाकर 76 रन बना लिए हैं।
यह टेस्ट पूरी तरह से बारिश से बाधित रहा और कई घंटे का खेल धुल गया। अब बांग्लादेश पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा है। फॉलोऑन बचाने के लिए बांग्लादेश को अब भी 25 रन की जरूरत है। अगर बांग्लादेश फॉलोऑन खेलता है, तो पाकिस्तान आखिरी दिन मैच जीत सकती है।
साजिद खान ने लिए छह विकेट
बांग्लादेश के सात में से छह विकेट पाकिस्तान के स्पिनर साजिद खान ने लिए। उन्होंने 12 ओवर में 35 रन देकर छह विकेट झटके। विकेट लेने के बाद साजिद के जश्न का तरीका शिखर धवन जैसा था। धवन मैदान पर अनोखा जश्न मनाए जाने के लिए जाने जाते हैं।
कबड्डी स्टाइल में वह विकेट का जश्न मनाते हैं, जो फैंस को काफी रास आता है। फैंस मानते हैं कि यह टीम इंडिया के 'गब्बर' का ट्रेडमार्क स्टाइल है। अब साजिद को भी इस तरीके जश्न मनाते देखकर सोशल मीडिया पर उन्हें खूब ट्रोल किया जा रहा है।
सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है पाकिस्तानी खिलाड़ियों को भारतीय खिलाड़ियों की नकल करना छोड़ देना चाहिए और उन्हें कुछ नया स्टाइल लाना चाहिए। राहुल नाम के यूजर ने लिखा कि सस्ता विराट कोहली बाबर आजम के बाद अब हमें सस्ता धवन भी नजर आ रहा है।
रैयान एटवुड ने लिखा कि शायद यह धवन का फैन है। कई पाकिस्तान खिलाड़ी भारतीय खिलाड़ियों को फॉलो करते हैं। सुंदरेसन ने लिखा कि हमारे खिलाड़ी हमेशा से पाकिस्तानी खिलाड़ियों के लिए ट्रेंड सेट करते हैं। पहले रोहित शर्मा की जर्सी नंबर 45 थी। अब पाकिस्तान के आसिफ अली भी 45 नंबर की जर्सी पहनने लगे हैं।
ऋषभ कोहली नाम के यूजर ने लिखा कि यह स्टाइल धवन द्वारा लाया गया था और अब कई लोग इसे फॉलो कर रहे हैं। एम्बी नाम के यूजर ने लिखा कि शोले का साम्भा गब्बर बनने की कोशिश करते हुए।