पाकिस्तान ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज में बांग्लादेश को 3-0 से हराया था। इसके बाद अब दोनों देशों के बीच शुक्रवार से दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार को टेस्ट के लिए 12 सदस्यीय टीम का एलान किया। इसमें सात बल्लेबाजों को जगह दी गई है।
पहले टेस्ट में 27 वर्षीय बाबर आजम टीम की अगुवाई करेंगे, वहीं विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी जबरदस्त फॉर्म में चल रहे 29 वर्षीय खिलाड़ी मोहम्मद रिजवान को दी गई है। वह टीम के उप-कप्तान भी हैं। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला 26 नवंबर से चटगांव स्थित जहूर अहमद चौधरी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
वहीं इस सीरीज का दूसरा मुकाबला चार दिसंबर से आठ दिसंबर के बीच के बीच ढाका स्थित शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीरीज के लिए बांग्लादेश ने भी टीम का एलान कर दिया था। शाकिब अल हसन की टीम में वापसी हुई है। हालांकि मैदान में उतरने से पहले उन्हें अपनी फिटनेस साबित करनी होगी। शाकिब टी-20 विश्व कप के दौरान चोटिल हो गए थे।
पहले टेस्ट के लिए पाकिस्तान की 12 सदस्यीय टीम
बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (उपकप्तान और विकेटकीपर), अब्दुल्ला शफीक, आबिद अली, अजहर अली, फहीम अशरफ, फवाद आलम, हसन अली, इमाम उल हक, नौमान अली, साजिद खान और शाहीन शाह अफरीदी।