पाकिस्तान बनाम अफगानिस्तान एकदिवसीय सीरीज स्थगित
- फोटो : सोशल मीडिया
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच अगले महीने खेली जाने वाली एकदिवसीय सीरीज को स्थगित कर दिया गया है। इस मामले पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आपसी सहमति से फैसला लिया। अफगानिस्तान में तालिबान का कब्जा होने के बाद वहां के हालात बेहतर नहीं हैं। ऐसे में अफगानिस्तान की टीम को श्रीलंका जाने में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा था। देश में इन दिनों जो अफरातफरी का माहौल है उसके चलते अफगानिस्तान के खिलाड़ी मानसिक और अतिरिक्त दबाव में हैं। जिसकी वजह से दोनों देशों के बीच खेली जाने वाली इस वनडे सीरीज को अनिश्चितकाल तक के लिए टाल दिया गया है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की मानें तो उसने आधिकारिक ट्वीट कर लिखा, हमने अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अनुरोध को स्वीकार कर लिया है, एसीबी ने हमने गुजारिश करते हुए कहा था कि उनके खिलाड़ियों का मानसिक स्वास्थ्य, काबुल में फ्लाइट संबंधी दिक्कतें, प्रसारण सुविधाओं की कमी और श्रीलंका में कोरोना वायरस के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए दोनों देशों के बीच खेली जाने वाली सीरीज स्थगित कर दी जाए, दोनों बोर्ड इस सीरीज को साल 2022 में रिशेड्यूल करेंगे।
23 अगस्त को पाकिस्तान में सीरीज आयोजन पर लिया था फैसला
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सीईओ हामिद शिनवारी के मुताबिक, श्रीलंका में आ रही दिक्कतों के बाद हमने इस सीरीज को पाकिस्तान में आयोजित करने के बारे में विचार किया था। लेकिन देश में जिस तरह से मौजूदा हालात और अफरातफरी का माहौल है उसके चलते इस बाद में स्थगित करने का फैसला लिया गया।