दुबई में खेले जा रहे दो टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मैच के तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के 454 रनों के जवाब में जबर्दस्त शुरुआत तो की थी लेकिन बाद में पाक गेंदबाजों ने कंगारुओं की बोलती बंद कर दी।
अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे गेंदबाज यासिर शाह समेत सभी पाक गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 303 रनों पर समेट दिया। यह तब हुआ जब ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 151 रन था। पहली पारी में 151 रनों की विशाल बढ़त बनाने के बाद पाकिस्तान ने दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 38 रन बना लिए हैं और तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक उसकी कुल बढ़त 189 रनों की हो चुकी थी।
पाकिस्तान की ओर पहली पारी में 2 बल्लेबाजों ने शतक लगाए थे, जबकि ऑस्ट्रेलिया की ओर से ओपनर डेविड वॉर्नर ने शतक लगाया था। पाक की इस मैच में जीत इस लिहाज से पक्की मानी जा रही है क्योंकि इससे पहले उसने जब भी ऑस्ट्रेलिया पर 150 रनों से ज्यादा की बढ़त बनाई थी उसमें उसे जीत मिली।
बेजोड़ शुरुआत के बाद लड़खड़ाए कंगारू
ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे दिन की शुरुआत अपने कल के स्कोर बिना किसी नुकसान के 113 रनों से आगे खेलना शुरू किया। आतिशी बल्लेबाजी करने वाले डेविड वॉर्नर ने जल्द ही अपना शतक भी पूरा कर लिया। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने लगातार 3 पारियों में शतक लगाने का कारनामा किया। हालांकि लगातार सबसे ज्यादा शतक जमाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड 5 शतकों का है, जबकि ऑस्ट्रेलियाई रिकॉर्ड 4 शतकों का है। उन्होंने अपनी शतकीय पारी में 174 गेंद में 11 चौके और दो छक्के भी लगाए।
वॉर्नर ने पहले विकेट के लिए क्रिस रोगर्स (38) के साथ 128 रनों की साझेदारी की। रोगर्स अपने कल के स्कोर में सिर्फ 7 रन ही जोड़ सके। कंगारुओं का स्कोर एक समय एक विकेट पर 151 रन था लेकिन विकेटों का पतन शुरू होने के बाद वह थमा नहीं और अगले 9 विकेट 152 रन ही बनाकर आउट हो गए। दोनों ओपनरों के अलावा ऑस्ट्रेलिया का कोई भी बल्लेबाज उनसे ज्यादा का योगदान नहीं कर सका।
पाकिस्तान की ओर से पहला टेस्ट खेल रहे यासिर शाह ने 3 विकेट झटके, जबकि राहत अली और जुल्फिकार बाबर ने 2-2 विकेट लिए। यासिर ने स्टीवन स्मिथ के रूप में अपना पहला टेस्ट विकेट हासिल किया।
16 साल बाद पाकिस्तान ने खेली ऐसी पारी
ऑस्ट्रेलिया की जितनी तेजी से पारी शुरू हुई थी उतनी ही तेजी से उनका अंत भी हुआ। पाकिस्तान को पहली पारी के आधार पर 151 रनों की बढ़त हासिल हुई।
विशाल बढ़त बनाने के बाद पाकिस्तान ने दूसरी पारी शुरू की और दिन का खेल खत्म होने तक टीम को कोई झटका नहीं लगने दिया और 38 रन बना लिए। अहमद शहजाद 22 और अजहर अली 16 रन बनाकर क्रीज पर खेल रहे थे। पाकिस्तान की बढ़त अब 189 रनों की हो चुकी है। जबकि अभी दो दिनों का खेल शेष है।
पाकिस्तान ने 1998 के बाद पहली बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 400 से ज्यादा का स्कोर किया है। उस समय पाक ने पेशावर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 9 विकेट पर 580 रन बनाकर अपनी पारी घोषित की है।