दलीप ट्रॉफी के एक सेमीफाइनल मुकाबले में जहां पूर्वी क्षेत्र की टीम दक्षिणी क्षेत्र के आगे दोनों ही पारियों में सौ रन का आंकड़ा भी नहीं पार कर पाई हो, लेकिन दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में बल्लेबाजों ने रनों का अंबार लगा दिया है।
मोहाली में चार दिवसीय मुकाबले के दूसरे दिन जोरदार फॉर्म में चल रहे विकेटकीपर-बल्लेबाज नमन ओझा (217) ने दोहरा शतक जड़ दिया। नमन के दोहरे शतक के अलावा जलज सक्सेना (110) के शतकीय पारियों के दम पर मध्य क्षेत्र ने 538 रन बनाए।
जिसके जवाब में उत्तरी क्षेत्र की पूरी टीम 457 रन बनाकर आउट हो गई। उत्तरी क्षेत्र की ओर से ओपनर और कप्तान गौतम गंभीर ने सबसे ज्यादा 157 रन बनाए। हालांकि टीम में उनके वरिष्ठ साथी वीरेंद्र सहवाग बड़ी पारी नहीं खेल सके और 32 रन बनाकर आउट हो गए।
वीरू और युवी हुए नाकाम, गंभीर ने ठोका शतक
मध्य क्षेत्र के नमन ओझा की दोहरी शतकीय पारी के बाद उत्तरी क्षेत्र ने अपनी पारी की शुरुआत की लेकिन 9 रन पर उसे पहला झटका लग गया। इसके बाद ओपनर और कप्तान गौतम गंभीर ने वीरेंद्र सहवाग (32) के साथ दूसरे विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी की। हालांकि तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए सहवाग ने महज 22 गेंदों में 32 रन बनाए।
सहवाग के जाने के बाद गंभीर ने अन्य बल्लेबाजों के साथ पारी को आगे बढ़ाया। उन्होंने एक छोर संभालते हुए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपना 37वां शतक ठोका। वह 167 रन (18 चौके) बनाकर आउट हुए। उन्होंने साढ़े पांच घंटे तक बल्लेबाजी की।
गंभीर के बाद मंदीप सिंह ने 74 और नितिन सैनी ने 56 रनों की पारी खेली। जबकि युवराज सिंह टीम के लिए 47 रनों का योगदान कर सके। मध्य क्षेत्र की ओर से चाइनामैन शैली के गेंदबाज कुलदीप यादव ने 3 विकेट झटके, जबकि 3 अन्य गेंदबाजों ने 2-2 विकेट लिए।
नमन ने लगातार 4 पारियों में लगाया शतक
इससे पहले युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज नमन ओझा का बड़ी पारी खेलने का सिलसिला जारी है। वह जिस अंदाज में बड़ी पारी खेल रहे हैं उससे उन्होंने चयनकर्ताओं को राष्ट्रीय टीम में शामिल करने का दबाव बढ़ा दिया है।
नमन ने अपनी लगातार चौथी पारी में दूसरी बार दोहरा और चौथा शतक लगाया है। वह अपनी लगातार चार पारियों में नाबाद 101, नाबाद 219, 110 और 217 रन बना चुके हैं। इनमें से पिछली तीन पारियां उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में खेली थी। उनकी पारी को देखकर ऐसा लगता है कि चयनकर्ता उन्हें श्रीलंका के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया में शामिल कर सकते हैं।
श्रीलंका के खिलाफ शुरुआती 3 मैचों में विकेटकीपर-बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी नहीं होंगे और उनकी जगह विकेटकीपर रिदिमान साहा चोटिल हो गए हैं। ऐसे में उनका दावा प्रबल होता जा रहा है। इसके अलावा भारत को दिसंबर-जनवरी में ऑस्ट्रेलिया में 4 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। इसके बाद वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया को वहीं पर त्रिकोणीय सीरीज में भी भाग लेना है।