पाकिस्तान के कप्तान बाबार आजम ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा "ईमानदारी से कहूं तो हम पिछले रिकॉर्ड पर ध्यान नहीं देना चाहते हैं। हम इस वर्ल्डकप पर अपना ध्यान बनाए रखना चाहते हैं। हम अपनी मजबूती पर ध्यान देंगे और मैच में इन चीजों पर अमल करना चाहेंगे।" सीमा पर तनाव के चलते भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज नहीं हो रही हैं। इसी वजह से ये दोनों टीमें सिर्फ आईसीसी टूर्नामेंट में ही एक दूसरे के खिलाफ खेलती हैं। आखिरी बार ये दोनों टीमें 2019 वर्ल्डकप में एक दूसरे के खिलाफ खेली थीं। वहीं जब पाक कप्तान से पूछा गया कि इस हाई वोल्टेज मैच के चलते क्या वो रात में नहीं सो पा रहे हैं। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि हमनें कई बड़े इवेंट में हिस्सा लिया है और चैंपियंस ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन भी किया था।
बेसिक चीजों पर ध्यान देना जरूरी
बाबर ने आगे कहा "चीजों को सामान्य रखना और बेसिक्स पर ध्यान देना जरूरी है। हम अच्छी क्रिकेट खेलना चाहेंगे और बेहतर नजीते देने की कोशिश करेंगे। हम चीजों को जितना साधारण रखेंगे, हम उतना ही बेहतर रहेंगे। हमारी तैयारी हमारे हाथों में है और हम अपना सौ फीसदी देने की कोशिश करेंगे। हम उम्मीद करते हैं कि मैच वाले दिन अच्छी क्रिकेट खेलेंगे।" इस साल टी-20 क्रिकेट में बाबर आजम का फॉर्म शानदार रहा है और वो दो शतक जड़ चुके हैं।
बाबर आजम ने भारत के खिलाफ मैच से पहले बड़ा फैसला लेते हुए सरफराज अहमद को पाकिस्तान टीम से बाहर रखा है, जबकि मोहम्मद हफीज और शोएब मलिक को मौका दिया है। पाकिस्तान ने आखिरी बार 2017 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत को हराया था, तब सरफराज ही पाक टीम के कप्तान थे। इस पर बाबर ने कहा कि सरफराज स्पिन के अच्छे खिलाड़ी हैं, लेकिन हमने भारत के खिलाफ अपनी सबसे बेहतर टीम उतारी है। उन्होंने कहा "शोएब मलिक भी फ्रंट फुट में अच्छा खेलते हैं और स्पिन के अच्छे खिलाड़ी हैं। इसी वजह से उन्हें मौका दिया गया है। सरफराज को आने वाले मैचों में टीम में शामिल किया जाएगा।"
यूएई में लगातार 10 मैच जीतकर वर्ल्डकप में पहुंचा है पाकिस्तान
पाकिस्तान की टीम ने यूएई में लगातार 10 मैच जीतकर वर्ल्डकप में जगह बनाई थी। इस पर बाबर आजम ने कहा "टीम में काफी सकारात्मक माहौल है। टूर्नामेंट का पहला मैच हमेशा अहम रहता है। हमें उम्मीद है कि हम अच्छी शुरुआत करेंगे और अपनी लय बरकरार रखेंगे। हमें अपने खिलाड़ियों पर भरोसा है और टीम का संतुलन काफी बेहतर है। हम एक बार में एक ही मैच पर ध्यान दे रहे हैं।। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पिछले कई सालों में तेज गेंदबाजी पाकिस्तान की मजबूती रही है, लेकिन इस बार बल्लेबाजी उनकी मजबूत कड़ी है। उन्हें उम्मीद है कि उनके ब्लेलबाज भारत के खिलाफ भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे।