न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज बेन सीएर्स हैम्स्ट्रिंग चोट के कारण चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हो गए हैं। टूर्नामेंट का आयोजन 19 फरवरी से होना है, लेकिन इससे पहले ही न्यूजीलैंड को झटका लगा है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने सीएर्स की जगह जैकब डफी को टीम में शामिल किया है। सीएर्स के हटने से डफी को मौका मिला है जो फिलहाल त्रिकोणीय सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा हैं।
ट्रेनिंग सत्र के दौरान उठा था दर्द
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने बयान में कहा, सीएर्स को कराची में बुधवार को टीम के पहले ट्रेनिंग सत्र के दौरान हैम्स्ट्रिंग में दर्द उठा था। इसके बाद उनका स्कैन किया गया जिसमें हल्के टियर का पता चला। ऐसे में उन्हें कम से कम दो सप्ताह तक रिहैब की जरूरत पड़ेगी। रिहैब का समय इतना है कि सीएर्स सिर्फ भारत के खिलाफ ग्रुप चरण के अंतिम मैच के लिए उपलब्ध हो सकते थे, इसलिए हमने उन्हें बाहर रखने का फैसला किया।
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच गैरी स्टीड ने कहा, हमें सीएर्स के लिए दुख है क्योंकि अंतिम चरण में आकर बड़े टूर्नामेंट से बाहर होना कठिन है, विशेषकर सीएर्स के लिए ये काफी परेशान करने वाला है क्योंकि यह उनका पहला बड़ा आईसीसी टूर्नामेंट था। सीएर्स के फिट होने में समय लगेगा इसका मतलब है कि वह ग्रुप चरण के ज्यादातर मैचों से बाहर रहेंगे। टूर्नामेंट के प्रारूप को देखते हुए हमने ऐसे खिलाड़ी के साथ जाना सही समझा जो पूरी तरह फिट हो। सीएर्स ऐसे खिलाड़ी हैं जिनमें काफी क्षमता है। उन्हें सीमित समय के लिए रिहैब से गुजरना है, इसलिए हमें यकीन है कि वह जल्द फिट होंगे और पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू जमीन पर होने वाली सीरीज के लिए फिट होंगे।
डफी के शामिल होने पर क्या बोले कोच?
डफी के शामिल होने पर टीम के कोच गैरी स्टीड ने कहा, डफी ने हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज में दिखाया है कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने की क्षमता रखते हैं। वह त्रिकोणीय सीरीज के लिए टीम का हिस्सा हैं इसलिए उन्हें अब इस परिस्थिति की समझ हो गई है। वह फिट हैं और खेलने के लिए तैयार हैं। डफी ऐसे खिलाड़ी हैं जिनका यह सीनियर स्तर पर आईसीसी का पहला बड़ा टूर्नामेंट है।