आज ही दिन 22 साल पहले टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ ने इतिहास रचा था। जी हां, 1999 वर्ल्ड कप के 21वें मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ इन दोनों बल्लेबाजों ने बेहतरीन बल्लेबाजी की थी। गांगुली और द्रविड़ के बीच दूसरे विकेट के लिए 318 रनों की बड़ी साझेदारी हुई थी। उस समय वन-डे क्रिकेट इतिहास में यह किसी भी विकेट के लिए यह सबसे बड़ी साझेदारी थी। इस मैच में गांगुली ने 158 गेंदों में 17 चौके और सात छक्के की मदद से 183 रन की बेहतरीन पारी खेली थी जबकि द्रविड़ 145 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 17 चौके और एक छक्के लगाए थे। बता दें कि इस विश्व कप में भारतीय टीम सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंच सकी थी।
अगर मैच की बात करें तो श्रीलंका ने टॉस जीतकर और भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने छह विकेट के नुकसान पर 373 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई टीम महज 216 रन पर ही सिमट गई। यह मुकाबला भारत ने 157 रन से जीता था। इस मैच में भारत की तरफ से रॉबिन सिंह ने बेहतरीन गेंदबाजी की थी। उन्होंने 31 रन से पांच विकेट के चटकाए थे। बता दें कि गांगुली और द्रविड़ का यह विश्व रिकॉर्ड ज्यादा दिनों तक टिक नहीं सका। छह महीने बाद ही राहुल द्रविड़ ने सचिन तेंदुलकर के साथ न्यूजीलैंड के खिलाफ हैदराबाद में 331 रन जोड़ इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। वन-डे क्रिकेट में अब तक पांच बार ही किसी भी विकेट लिए 300 से ज्यादा रनों की साझेदारी हुई है।