कोरोना के बीच फैंस के लिए एक अच्छी खबर है। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टेस्ट मुकाबले दर्शकों की बीच खेले जाएंगे। इसकी अनुमति मिल गई है। दोनों टीमों के बीच टेस्ट सीरीज की शुरुआत दो जून से होगी। पहला टेस्ट लॉर्ड्स में खेला जाएगा। वहीं, दूसरा टेस्ट 10 जून से एजबेस्टन में खेला जाएगा। इस मुकाबले में 18 हजार फैंस को स्टेडियम में आने की अनुमति मिल गई है, जो मैदान की क्षमता का 70 प्रतिशत है।
इसको लेकर सरकार और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के बीच सहमति बन गई है। हालांकि, इसके लिए कुछ शर्तें रखी गई हैं। स्टेडियम में प्रवेश करते समय दर्शकों को निगेटिव टेस्ट की 24 घंटे पहले की रिपोर्ट दिखानी होगी। बता दें कि पहले टेस्ट में 7000 दर्शक स्टेडियम में मैच देख सकेंगे, जो मैदान की क्षमता का 25 प्रतिशत है। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) टॉम हैरिसन ने कहा, मैदान पर दर्शकों की वापसी खेल और फैंस दोनों के लिए काफी महत्वपूर्ण है।'
एजबस्टन क्रिकेट ग्राउंड के प्रशासन ने बुधवार को अपने ट्विटर हैंडल पर कहा, 'एजबस्टन टेस्ट मैच को आकलन प्रतियोगिता के रूप में चुना गया है। हम प्रतिदिन 18 हजार दर्शकों की मेजबानी करेंगे। टिकट धारकों को ईमेल के जरिए आगे के कदमों की जानकारी दी जाएगी।' इस परियोजना के जरिए परीक्षण दिशानिर्देशों और सामाजिक दूरी के अलावा कोरोना से जुड़े अन्य दिशानिर्देशों का भी आकलन किया जाएगा।
सरकार के मानक नियमों के अनुसार स्टेडियम में प्रवेश के लिए सभी टिकटधारकों को एनएचएस रेपिड लेटरल फ्लो परीक्षण के जरिए कोविड-19 नतीजा दिखाना होगा जो 24 घंटे पहले किया गया हो। सभी टिकटधारकों की आयु 16 साल या इससे अधिक होनी चाहिए। बता दें कि ब्रिटेन की सरकार ने बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की स्थिति में कोविड-19 संक्रमण के फैलने का विश्लेषण करने के लिए इसे चुना है।