रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2025 से पहले ओंकार साल्वी को टीम का गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। इससे पहले, साल्वी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के सहायक कोच की भूमिका निभा रहे थे जिन्होंने आईपीएल 2024 का खिताब जीता था। साल्वी के मार्गदर्शन में मुंबई ने पिछले सत्र में रणजी ट्रॉफी और ईरानी ट्रॉफी खिताब जीता था।
घरेलू क्रिकेट का जाना-माना चेहरा हैं साल्वी
साल्वी ने आठ ट्रॉफी अपने नाम की है और अब उनकी कोशिश आरसीबी को आईपीएल खिताब का सूखा समाप्त कराने की होगी। साल्वी घरेलू क्रिकेट में अपनी जिम्मेदारी पूरी करने के बाद आरसीबी के साथ जुड़ेंगे। मौजूदा रणजी सत्र 23 जनवरी को फिर बहाल होगा इसके खत्म होने के बाद ओंकार के आरसीबी से जुड़ने की उम्मीद है। इस बीच वह सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट में भी मुंबई का मार्गदर्शन करेंगे। वर्ष 2008 में टूर्नामेंट के पहले सत्र से हिस्सा ले रहे आरसीबी ने अब तक एक बार भी आईपीएल खिताब नहीं जीता है।
आरसीबी ने ट्वीट किया, मुंबई के मौजूदा मुख्य कोच ओंकार साल्वी को आरसीबी का गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया है। पिछले आठ महीने में रणजी ट्रॉफी, ईरानी ट्रॉफी और आईपीएल विजेता टीम का हिस्सा रहे ओंकार भारत के घरेलू सत्र में अपनी जिम्मेदारी पूरी करने के बाद आईपीएल 2025 के लिए हमारे साथ जुड़कर रोमांचित हैं।
मुंबई के साथ अगले साल मार्च तक है करार
ओंकार पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज अविष्कार साल्वी के छोटे भाई हैं जो फिलहाल भारतीय महिला टीम के गेंदबाजी कोच हैं और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी की विजेता पंजाब के मुख्य कोच हैं। उन्होंने 2005 में रेलवे के लिए एकमात्र लिस्ट ए मैच खेला है। साल्वी का मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के साथ मार्च 2025 तक करार है। साल्वी को 2023-24 सत्र के पहले मुंबई की घरेलू टीम की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उनके कार्यकाल में मुंबई ने रणजी ट्रॉफी जीतने का आठ साल का सूखा समाप्त किया था। मुंबई ने फाइनल में विदर्भ को हराकर रिकॉर्ड 42वां खिताब जीता था।