न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन चोट से उबर गए हैं और शनिवार को पाकिस्तान के खिलाफ विश्वकप के महत्वपूर्ण मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे। फर्ग्यूसन चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम के पिछले मैच को नहीं खेल पाए थे। फर्ग्यूसन बीते शनिवार को दाहिने टखने में चोट लगने के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच से बाहर हो गए थे।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बुधवार को 358 रन का पीछा करते हुए टीम को 190 रन से करारी शिकस्त मिली थी। टूर्नामेंट के शुरुआती चार मैचों में जीत दर्ज करने वाली टीम की यह लगातार तीसरी हार थी। न्यूजीलैंड क्रिकेट की ओर से जारी बयान के मुताबिक, ‘लॉकी फर्ग्यूसन के दाहिने टखने के स्कैन से पता चला कि उनकी चोट ज्यादा गंभीर नहीं है। उम्मीद है कि वह बंगलूरु में पाकिस्तान के खिलाफ शनिवार के मैच के लिए उपलब्ध होंगे।’ न्यूजीलैंड की टीम में नियमित कप्तान केन विलियम्सन सहित कई खिलाड़ी चोटिल है जिससे टीम टूर्नामेंट के आखिरी चरण के लीग मैचों में मुश्किल स्थिति में है।
हेनरी के विकल्प के तौर पर न्यूजीलैंड ने जैमीसन को बुलाया
पाकिस्तान के खिलाफ महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले कई खिलाड़ियों के चोटों से परेशान न्यूजीलैंड ने बृहस्पतिवार को विश्वकप टीम में लंबे कद के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन को शामिल करने की घोषणा की। इस अहम मुकाबले के लिए तेज गेंदबाज मैट हेनरी की उपलब्धता पर संदेह के बीच 28 वर्षीय छह फुट आठ इंच लंबे जैमीसन बंगलूरू पहुंचेगे। न्यूजीलैंड को शनिवार को बंगलूरू में पाकिस्तान का सामना करना है। टूर्नामेंट के आखिरी चरण के मैचों से पहले दो तेज गेंदबाजों के साथ पांच खिलाड़ियों के चोटिल होने से न्यूजीलैंड की टीम मुश्किल स्थिति में है। नियमित कप्तान केन विलियम्सन (अंगूठा), लॉकी फर्ग्यूसन (टखना) और मार्क चैपमैन (पैर की मांसपेशियां) पहले से ही चोटों से जूझ रहे थे।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बुधवार को खेले गए मैच में हेनरी और जेम्स नीशाम भी चोटिल हो गए। हेनरी की दाहिनी हैमस्ट्रिंग (मांसपेशियों) के स्कैन के नतीजों के इंतजार के बीच न्यूजीलैंड को जैमीसन को भारत बुलाने पर विवश होना पड़ा। जैमीसन पहले भी टीम में टिम साउदी के विकल्प के तौर पर थे। मुख्य कोच गैरी स्टीड ने कहा, ‘मैट (हेनरी) की चोट की गंभीरता और पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले कम समय के बीच हम शनिवार के मैच के लिए टीम में गेंदबाज कम होने का जोखिम नहीं उठा सकते हैं।’