न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को महिला विश्व कप के 11वें मैच में 100 रन से शानदार जीत दर्ज की। शुक्रवार को गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में कीवियों ने कप्तान सोफी डिवाइन और ब्रूक हॉलिडे की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 50 ओवर में नौ विकेट पर 227 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 39.5 ओवर में सिर्फ 127 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के लिए जेस केर और ली ताहुहु ने तीन-तीन विकेट लिए जबकि रोजमैरी मायर को दो सफलताएं मिलीं। वहीं, अमेलिया केर और एडन कार्सन ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
बांग्लादेश की पारी
228 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। टीम 39.5 ओवर में मात्र 127 रन पर ऑलआउट हो गई और मुकाबला 100 रन से हार गई। न्यूजीलैंड की गेंदबाजी के आगे कोई भी बांग्लादेशी बल्लेबाज टिक नहीं सकी। पारी की शुरुआत में ही टीम ने 14वें ओवर तक 5 विकेट पर 30 रन खो दिए। रुबया हैदर, शर्मीन अख्तर, निगार सुल्ताना, शोभना मोस्तारी, सुमैया अख्तर और शोर्ना अख्तर जैसी प्रमुख बल्लेबाज दो अंकों तक भी नहीं पहुंच सकीं।
टीम के लिए सबसे ज्यादा रन फाहिमा खातून (34) ने बनाए। उन्होंने राबिया खान (25) के साथ आठवें विकेट के लिए 44 रनों की साझेदारी की, जो टीम की सबसे बड़ी साझेदारी रही। इसके अलावा फाहिमा और नाहिदा अख्तर (17) के बीच सातवें विकेट के लिए 33 रनों की उपयोगी साझेदारी हुई। न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। जेस केर और लिया तहुहू ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि रोजमैरी मायर को दो सफलताएं मिलीं। अमेलिया केर और एडन कार्सन ने एक-एक विकेट झटका। न्यूजीलैंड की गेंदबाजी इतनी अनुशासित रही कि बांग्लादेश की टीम पूरे मैच में सिर्फ छह चौके ही लगा सकी।
न्यूजीलैंड की पारी
इस मुकाबले में न्यूजीलैंड की शुरुआत निराशाजनक रही। टीम ने 10.5 ओवर में मात्र 38 रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिए। जॉर्जिया प्लिमर (4), सूजी बेट्स (29) और अमेलिया केर (0) जल्दी-जल्दी पवेलियन लौट गईं। इसके बाद कप्तान सोफी डिवाइन (63) और ब्रूक हॉलिडे (69) ने चौथे विकेट के लिए 112 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर पारी को संभाला। डिवाइन ने अपनी 85 गेंदों की पारी में 2 छक्के और 2 चौके लगाए, जबकि हॉलिडे ने 104 गेंदों में 5 चौके और एक छक्का जड़ा। दोनों बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का शानदार संतुलन दिखाया। हॉलिडे ने निशिता की गेंद पर चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया, जबकि डिवाइन ने 38वें ओवर में इस विश्व कप का अपना तीसरा अर्धशतक पूरा किया। अंतिम ओवरों में मैडी ग्रीन (25) और जेस केर (11) ने तेज रन जोड़े। बांग्लादेश की ओर से राबिया खान सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने 30 रन देकर तीन विकेट चटकाए, जबकि नाहिदा अख्तर, निशिता अख्तर और शोर्ना अख्तर को एक-एक सफलता मिली।