2021 में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने के बाद से न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेवोन कॉन्वे का रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है। बांग्लादेश के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में इस कीवी बल्लेबाज ने एक खास उपलब्धि अपने नाम की। कॉन्वे करियर के शुरुआत पांच टेस्ट में 50 प्लस का स्कोर करने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन गए हैं।
30 साल के कॉन्वे का यह पांचवां टेस्ट है। वह अब तक 76 के शानदार औसत से कुल 613 रन बना चुके हैं। इसमें दो शतक और तीन अर्धशतक शामिल है। बांग्लादेश के खिलाफ क्राइस्टचर्च टेस्ट की पहली पारी में पहले दिन का खेल खत्म होने तक वह 99 रन बनाकर नाबाद हैं। यानी वह अपने तीसरे टेस्ट शतक से बस एक कदम दूर हैं।
यह टेस्ट क्रिकेट में 17वीं बार है जब बल्लेबाज शतक से एक रन कम बनाकर दिन का खेल खत्म होने पर पवेलियन लौटा है। हालांकि, कॉन्वे के लिए अच्छी बात यह है कि पिछले 16 बार में उस बल्लेबाज ने पवेलियन पर वापस आते ही शतक जरूर लगाया है। दक्षिण अफ्रीका में जन्मे इस बल्लेबाज ने जून 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ लॉडर्स में डेब्यू किया था।
अपने पहली ही मैच में कॉन्वे ने 200 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ ही एजबेस्टन टेस्ट में उन्होंने 80 रन बनाए थे। भारत के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भी कॉन्वे शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने 54 रन की पारी खेली थी। इसके बाद अभी बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मैच में 122 रन बनाए थे।
क्राइस्टचर्च टेस्ट के पहले दिन न्यूजीलैंड की टीम ने एक विकेट गंवाकर 349 रन बना लिए हैं। कप्तान टॉम लाथम नाबाद 186 रन बनाकर नाबाद हैं। बतौर कप्तान लाथम की यह पहली और ओवरऑल 12वीं सेंचुरी रही। उन्होंने कॉन्वे के साथ अब तक दूसरे विकेट के लिए 201 रन की नाबाद साझेदारी कर ली है। इन दोनों के अलावा ओपनर विल यंग ने 54 रन की पारी खेली।