ऑस्ट्रेलिया के पूर्व चाइनामैन गेंदबाज ब्रैड हॉग का मानना है कि रविचंद्रन अश्विन शानदार गेंदबाज हैं, लेकिन अब उनकी जगह नाथन लियोन दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ऑफ स्पिनर हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए सात टेस्ट और 123 वन-डे खेल चुके हॉग लॉकडाउन के दौरान ट्विटर पर क्रिकेटप्रेमियों के सवालों का जवाब दे रहे थे।
अश्विन और लियोन में से टेस्ट क्रिकेट में उनकी नजर में बेहतर कौन है, यह पूछने पर उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि पिछले साल लियोन ने अश्विन से दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ऑफ स्पिनर का दर्जा ले लिया है। दोनों ने अपने खेल में कमाल का निखार लाया है और लगातार सीखने की कोशिश करते हैं।' अश्विन ने अभी तक 71 टेस्ट में 365 जबकि लियोन ने 96 टेस्ट में 390 विकेट लिए हैं।