फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चेन्नई में नहीं खेलेंगे श्रीलंकाई खिलाड़ी

Tue, 26 Mar 2013 08:33 PM IST
नई दिल्ली/एजेंसी
विज्ञापन
विज्ञापन
श्रीलंकाई तमिलों पर छिड़ी राजनीति की आंच की चपेट में हाई प्रोफाइल इंडियन प्रीमियर लीग भी आ गई है।
विज्ञापन


तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता के जबरदस्त दबाव के चलते राज्य में होने वाले आईपीएल मैचों में श्रीलंकाई खिलाड़ियों को खेलने से रोक दिया गया है।

इससे पहले जयललिता ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पत्र लिखकर कहा कि चेन्नई में सिर्फ उन्हीं मैचों की अनुमति दी जाएगी, जिनमें श्रीलंकाई खिलाड़ी, अंपायर या अधिकारी शामिल नहीं होंगे।

आईपीएल की गवर्निंग काउंसिल ने सभी नौ फ्रेंचाइजी को चेन्नई में श्रीलंकाई खिलाड़ियों को नहीं खिलाने को कह दिया है। यह फैसला ऐसे वक्त हुआ है, जबकि आईपीएल-6 में अब सिर्फ एक सप्ताह का वक्त बाकी है।
विज्ञापन


3 अप्रैल को शुरू होने जा रहे इस टूर्नामेंट में 13 श्रीलंकाई खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें से दो अपनी टीमों के कैप्टन हैं। बीसीसीआई ने चेन्नई में प्रस्तावित 10 मैचों को कहीं और स्थानांतरित करने से इंकार किया है।

किंग्स इलेवन पंजाब को छोड़कर सभी फ्रेंचाइजी में कम से कम एक या ज्यादा श्रीलंकाई खिलाड़ी हैं। आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला ने कहा कि हमें दो बातों का खास ध्यान रखना है कि एक तो स्थानीय लोगों की भावनाएं आहत नहीं हों, दूसरा श्रीलंकाई खिलाड़ियों की सुरक्षा भी बेहद जरूरी है।

ऐसे में हम स्थानीय प्रशासन की बात को अनसुना नहीं कर सकते। शुक्ला ने कहा कि चेन्नई को छोड़कर अन्य जगहों पर होने वाले मैचों में श्रीलंकाई खिलाड़ियों के खेलने में कोई समस्या नहीं है।

इससे पहले प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में जयललिता ने कहा कि श्रीलंकाई सरकार के कृत्यों को लेकर तमिलनाडु के लोगों में भारी गुस्सा है।

ऐसे में केंद्र बीसीसीआई को सलाह दे कि वे श्रीलंकाई खिलाड़ियों, अधिकारियों या अंपायरों को राज्य में होने वाले मैचों में हिस्सा नहीं लेने दे। आईपीएल टूर्नामेंट 3 अप्रैल से 26 मई तक चलेगा।

-राज्य के लोगों में श्रीलंका सरकार के खिलाफ जबरदस्त गुस्सा है। आईपीएल टूर्नामेंट में श्रीलंकाई खिलाड़ियों की मौजूदगी से माहौल और ज्यादा बिगड़ेगा और यह लोगों की भावनाओं का अपमान होगा।
जयललिता, तमिलनाडु की सीएम

-स्थानीय लोगों की भावनाओं के साथ ही श्रीलंकाई खिलाड़ियों की सुरक्षा का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है। ऐसे में हम स्थानीय प्रशासन की बात को अनसुना नहीं कर सकते।
राजीव शुक्ला, आईपीएल चेयरमैन

चेन्नई सुपरकिंग्स को होगा सबसे ज्यादा नुकसान
आईपीएल-6 में कुल 13 श्रीलंकाई खिलाड़ी अलग-अलग टीमों से हिस्सा लेंगे। लेकिन सर्वाधिक नुकसान चेन्नई सुपरकिंग्स को होगा।

धोनी की इस टीम में अकिला धनंजय और नुवान कुलसेकरा हैं। चूंकि चेन्नई सुपरकिंग्स को अपने ज्यादातर मैच घरेलू मैदान पर ही खेलने हैं, ऐसे में इन दोनों के न खेलने से टीम को बड़ा नुकसान झेलना पड़ेगा।
विज्ञापन


हालांकि फ्रेंचाइजी ने फैसला किया है कि यदि ये दोनों खिलाड़ी टूर्नामेंट से अपना नाम वापस लेते हैं तो वह इन दोनों को पूरे सीजन की अनुबंध फीस देगी।

ये श्रीलंकाई खिलाड़ी करेंगे शिरकत
अकिला धनंजय और नुवान कुलसेकरा (चेन्नई सुपर किंग्स)
जीवन मेंडिस और महेला जयवर्धने (दिल्ली डेयरडेविल्स)
सचित्रा सेनानायके (कोलकाता नाइटराइडर्स)
लसिथ मलिंगा (मुंबई इंडियंस)
अजंथा मेंडिस और एंजेलो मैथ्यूज (पुणे वारियर्स)
कुशल जेनिथ परेरा (राजस्थान रॉयल्स)
मुथैया मुरलीधरन और तिलकरत्ने दिलशान (रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर)
थिसारा परेरा और कुमार संगकारा (हैदराबाद सनराइजर्स)

बंगलूरू से शिफ्ट हो सकते हैं दो मैच
कर्नाटक में विधानसभा चुनावों के चलते वहां 4 और 6 मई को होने जा रहे आईपीएल के मैच स्थानांतरित किए जा सकते हैं। या फिर इन्हें किसी और दिन कराया जा सकता है। कर्नाटक में मतदान 5 मई को है, जबकि मतगणना 8 मई को होगी। ऐसे में बंगलूरू पुलिस ने आईपीएल मैचों के लिए सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने में असमर्थता जाहिर की है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें