दिल्ली के पॉश इलाके वसंतकुंज में बहुजन समाज पार्टी के नेता और उद्योगपति दीपक भारद्वाज की हत्या कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि, दो युवकों ने दीपक भारद्वाज के फार्महाऊस 'नीतेश कुंज' में उन्हें गोली मार दी। गोलीबारी में दो अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।
दीपक भारद्वाज ने बसपा के टिकट पर 2009 में लोकसभा चुनाव लड़ा था। तब उन्होंने घोषणा की थी कि उनके पास 600 करोड़ की संपत्ति है। दीपक का शिक्षा, होटल और रीयल इस्टेट का कारोबार है।
भारद्वाज से मिलने आए थे हमलावर
पुलिस ने बताया कि भारद्वाज की हत्या करने वाले युवक कार में सवार होकर आज उनसे मिलने आए थे।
उनमें किसी बात पर झड़प हो गई और दोनों ने भारद्वाज पर गोली चला दी। पुलिस ने बताया कि हत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस का मानना है कि हमलावर भारद्वाज के परिचित ही रहे होंगे क्योंकि किसी अंजान व्यक्ति का फार्म हाऊस के अंदर आना संभव नहीं है।
2009 में चुनाव लड़े थे दीपक
दीपक भारद्वाज 2009 में बसपा के टिकट पर पश्चिमी दिल्ली से लोकसभा चुनाव लड़े थे। हालांकि कांग्रेस प्रत्याशी महाबल मिश्रा से उन्हें हार का समाना करना पड़ा था।
चुनाव आयोग को दिए हलफनामे में उन्होंने अपनी संपत्ति 600 करोड़ रुपए बताई थी।