पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के पूर्व अध्यक्ष शहरयार खान का मानना है कि पिछले कुछ सालों में पाकिस्तान में सुरक्षा स्थिति खराब हुई है और संभवत: ही कोई विदेशी टीम भविष्य में यहां का दौरा करेगी। शहरयार ने कहा, ‘पाकिस्तान में सुरक्षा स्थिति पिछले कुछ सालों में खराब हुई है।'
उन्होंने कहा, 'मेरा मानना है कि ऐसे समय में कोई देश अपनी टीम पाकिस्तान नहीं भेजेगा। पाकिस्तान सुपर लीग के लिए भी पीसीबी शीर्ष रैंकिंग खिलाड़ियों को प्रभावित करने में विफल रहेगा। हालांकि दूसरे और तीसरे दर्जे के खिलाड़ी इसमें खेलने के लिए आ सकते हैं।’
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों पीसीबी ने बीसीसीआई से पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में भारतीय खिलाड़ियों को भेजने का अनुरोध किया था। यह पूछने पर कि क्या भारतीय खिलाड़ी लीग में हिस्सा लेंगे, पीसीबी के मुख्य संचालन अधिकारी सुभान अहमद ने कहा था कि पीसीबी सभी देशों के खिलाड़ियों के सीधे संपर्क में रहने के अलावा उनके बोर्ड से भी बात कर रहा है।