कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नीतीश पर भरोसा जताया और उन्हें नई गेंद से गेंदबाजी करने दी। नीतीश भी कप्तान के भरोसे पर खरा उतरे। उन्होंने महमूदुल्लाह का विकेट लिया जो बांग्लादेश के लिए इस मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। इसके अलावा नीतीश ने तंजिम साकिब का भी विकेट लिया था।
'गंभीर सर ने आत्मविश्वास बढ़ाया'
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक वीडियो शेयर किया जिसमें नीतीश ने कहा, हम आपस में यही बात कर रहे थे कि कोई दबाव नहीं लेना है। हमने स्पिनरों को निशाना बनाने का लक्ष्य रखा था। ईमानदार से कहूं तो इसका श्रेय गौतम सर को जाता है। उन्होंने काफी आत्मविश्वास दिया। उन्होंने मुझे कहा कि अपनी गेंदबाजी पर भरोसा रखो। उन्होंने कहा कि गेंदबाजी करते समय गेंदबाज की तरह सोचो, ऐसे बल्लेबाज की तरह नहीं जो गेंदबाजी कर सकता है।
रोहित-पंत की सूची में शामिल हुए नीतीश
नीतीश इसके साथ ही रोहित शर्मा और ऋषभ पंत जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं। नीतीश ने 21 साल 136 दिन की उम्र में टी20 अंतरराष्ट्रीय में अर्धशतक जड़ा और वह भारत के लिए खेल के सबसे छोटे प्रारूप में मेडन पचासा जड़ने वाले चौथे युवा बल्लेबाज बन गए हैं।