न्यूजीलैंड ने टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ धमाकेदार जीतकर दर्ज कर आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल से पहले विराट कोहली सहित टीम इंडिया कि चिंता बढ़ा दी है। बर्मिंघम में खेले गए दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को 8 विकेट से शिकस्त देकर 1-0 से सीरीज पर कब्जा किया। अब इस सीरीज के बाद क्रिकेट फैन्स की नजरें भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले आईसीसी वर्ल्ट टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल पर टिकी हैं। क्रिकेट विशेषज्ञों की मानें तो दोनों टीमों के बीच फाइनल में जोरदार टक्कर देखने को मिलेगी। आइए आपको बताते हैं कि टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल से पहले वे कौन से कारण हैं जिनकी वजह से भारतीय टीम की परेशानी बढ़ गई है।
इंग्लैंड के माहौल में ढल चुकी है कीवी टीम
न्यूजीलैंड की टीम लंबे समय से इंग्लैंड के दौरे पर है। इस दौरान कीवी टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज भी खेल चुकी है। मौजूदा समय में इंग्लैंड के माहौल में कीवी टीम ढल गई है। टेस्ट मैच के दौरान न्यूजीलैंड के गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं भारतीय टीम को अभ्यास मैच तक खेलने को नहीं मिला। टीम इंडिया सिर्फ इंट्रा स्क्वायड प्रैक्टिस मैच खेल रही है। ऐसे में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के समय टीम इंडिया को न्यूजीलैंड से पार पाना आसान नहीं होगा।
बगैर कप्तान के बावजूद न्यूजीलैंड टेस्ट जीता
मैनचेस्टर टेस्ट में न्यूजीलैंड के नियमित कप्तान केन विलियमसन नहीं खेले थे। उनकी जगह टॉम लाथम को टीम का कप्तान बनाया गया। उन्होंने शानदार अंदाज में कप्तानी करते हुए विलियमसन की कमी नहीं खलने दी। केन विलियमसन चोट की वजह से दूसरा टेस्ट नहीं खेल पाए थे। उनके बगैर मिली जीत से पता चलता कि कीवी टीम कितनी मजबूत है और उसकी सोच कितनी स्पष्ट है।
न्यूजीलैंड के गेंदबाजों से निपटने की होगी चुनौती
न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने इंग्लैंड के खिलाफ जिस अंदाज में धुंआधार बॉलिंग की उससे भारतीय टीम की चिंता बढ़ गई। जहां पहले टेस्ट में टिम साउदी और काइल जेमीसन ने इंग्लैंड के बल्लेबाजों को परेशान किया वहीं दूसरे टेस्ट में ट्रेंट बोल्ट, मैट हेनरी और नील वैगनर का दबदबा रहा। कीवी टीम की खासियत रही कि जिस गेंदबाज ने बॉलिंग की उसे विकेट जरूर मिला। ऐसे में भारत को न्यूजीलैंड की तेज गेंदबाजी का तोड़ निकालना ही होगा। देखना दिलचस्प होगा कि विराट कोहली, रोहित शर्मा, चेतेश्वर पुजारा और ऋषभ पंत जैसे बल्लेबाज न्यूजीलैंड के आगे किस तरह का धमाल मचाएंगे।