भारत की यह टीम अभी बेहतरीन फार्म में है और 2019 वनडे विश्व कप के बाद उसने जो पांच टी-20 सीरीज खेली हैं उनमें उसने शानदार प्रदर्शन किया है। इनमें वर्तमान सीरीज भी शामिल है। इस बीच उसने केवल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज नहीं जीती। यह सीरीज 1-1 से बराबर पर छूटी थी जबकि एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। भारतीय टीम के सब कुछ अच्छा चल रहा है। हिटमैन रोहित शर्मा उस फॉर्म की झलक नहीं दिखा पाए है जो उन्होंने पिछले साल घरेलू सीरीज के दौरान दिखाई थी। सभी प्रारूपों में पिछली दस पारियों की बात करें तो केवल पिछले दो मैच ही ऐसे रहे हैं जिसमें वह दोहरे अंक में नहीं पहुंच सके हैं।
टीम प्रबंधन उन खिलाड़ियों के साथ काम कर रहा है जिन्हें सीरीज में अभी तक खेलने का मौका नहीं मिला है। रवि शास्त्री ने वाशिंगटन सुंदर पर ध्यान दिया जबकि बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के साथ व्यस्त थे। इन दोनों को हालांकि बुधवार को भी मौका मिलने की संभावना नहीं है। कुलदीप यादव पहले दो मैचों में नहीं खेले थे और ऐसा मैदान छोटा होने के कारण किया गया था। छोटे मैदान पर बल्लेबाज उन्हें आसानी से निशाना बना सकते थे। चहल ने इस बीच बहुत अच्छी गेंदबाजी की। अब मैच बड़े मैदानों पर खेले जाएंगे और देखना होगा कि कुलदीप की वापसी होती या नहीं है। वैसे चहल और यादव की एक साथ खेलने की संभावना कम है।
जहां तक न्यूजीलैंड का सवाल है तो कोलिन डि ग्रैंडहोम के पास प्रभाव छोड़ने का यह आखिरी मौका होगा। अंतिम दो टी-20 के लिए बल्लेबाज टॉम ब्रुस इस ऑलराउंडर की जगह लेंगे। ग्रैंडहोम इस सीरीज में बल्लेबाज के तौर पर खेले लेकिन उन्होंने शून्य और तीन रन बनाए। भारत के पहले दो मैचों में सफलतापूर्वक लक्ष्य हासिल करने के बावजूद न्यूजीलैंड गेंदबाजों के प्रदर्शन से चिंतित नहीं है। उसकी सबसे बड़ी चिंता भारतीय गेंदबाजों विशेषकर जसप्रीत बुमराह से निबटना है। दोनों मैचों में उसके बल्लेबाज बुमराह की गेंदों को समझने में नाकाम रहे थे।
सेडन पार्क में आमने-सामने
कुल मैच : 09
भारत जीत : 01
न्यूजीलैंड : 07
पिच : सेडन पार्क में अक्सर हाईस्कोरिंग मैच होते हैं। पिछले पांच टी-20 मैचों में से तीन में यहां 190 से ज्यादा का स्कोर बना है। एक साल पहले न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ 212 रन बनाए थे और चार रन से जीतने में सफल रहा था।
04 : टी-20 पिछले जो सेडन पार्क में खेले गए हैं उनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीतने में सफल रही है
भारत : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, लोकेश राहुल (विकेटकीपर), मनीष पांडे, ऋ षभ पंत, संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर, शिवम दुबे, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, शार्दुल ठाकुर, नवदीप सैनी, वाशिंगटन सुंदर।
न्यूजीलैंड : केन विलियम्सन (कप्तान), मार्टिन गुप्टिल, रॉस टेलर, स्कॉट कुगलेइजन, कॉलिन मुनरो, कॉलिन डी ग्रैंडहोम, टॉम ब्रुस, डेरिल मिशेल, मिशेल सेंटनर, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), हैमिश बेनेट, ईश सोढ़ी, टिम साउथी, ब्लेयर टिकनर।