आगामी टी20 विश्व कप से पहले न्यूजीलैंड को तगड़ा झटका लगा है। टी20 क्रिकेट के विस्फोटक बल्लेबाज कॉलिन मुनरो ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया है। उन्होंने यह फैसला टी20 विश्व कप स्क्वॉड में न चुने जाने के बाद लिया। मुनरो ने साल 2020 से कीवी टीम के लिए कोई भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला। आखिरी बार उन्हें भारत के खिलाफ खेलते देखा गया था। मुनरो ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 3000 से अधिक रन बनाए।
पिछले चार सालों में मुनरो को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलते देखा गया है। दुनियाभर की तमाम टी20 लीग में वह अपने बल्ले से धमाल मचाते दिखते हैं। हालांकि, अब उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। लेकिन वह फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। न्यूजीलैंड के कोच गैरी स्टीड ने हाल ही में इस बात की पुष्टि की थी कि मुनरो को टी20 विश्व कप के लिए चुने जाने पर विचार किया गया था।
संन्यास की घोषणा के बाद भावुक हुए मुनरो
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद ब्लैक कैप्स के स्टार क्रिकेटर ने कहा, "ब्लैक कैप्स (न्यूजीलैंड) के लिए खेलना हमेशा मेरे खेल करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि रही है। मुझे उस जर्सी को पहनने से ज्यादा गर्व कभी महसूस नहीं हुआ, और मैं सभी फॉर्मेट में 123 बार ऐसा करने में सक्षम हूं, कुछ ऐसा है जिस पर मुझे हमेशा अविश्वसनीय रूप से गर्व रहेगा। हालांकि काफी समय पहले आखिरी इंटरनेशनल मैच खेला था, मैंने कभी उम्मीद नहीं छोड़ी कि मैं अपने फ्रेंचाइजी टी20 फॉर्म के दम पर वापसी करने में सक्षम हो सकता हूं। टी20 वर्ल्ड कप के लिए ब्लैक कैप्स टीम की घोषणा के साथ अब रिटायरमेंट लेने का सही समय है।"
मुनरो का करियर
बात करें इस खिलाड़ी के करियर की तो मुनरो ने कीवी टीम के लिए एक टेस्ट, 57 वनडे और 65 टी20 मैच खेले। इनमें उन्होंने क्रमश: 15, 1271 और 1724 रन बनाए। टी20 क्रिकेट में मुनरो के नाम तीन शतक और 11 अर्धशतक दर्ज हैं। मुनरो ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया है। उन्होंने दो टेस्ट, सात वनडे और चार टी20 विकेट हासिल किए हैं।
न्यूजीलैंड की टी20 विश्व कप टीम
केन विलियम्सन (कप्तान), फिन एलेन, ट्रेंट बोल्ट, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉन्वे, लोकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, डेरिल मिचेल, जिमी नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, मिचेल सेंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउदी।