ओमान के खिलाफ नेपाल के खिलाड़ी ने बाउंड्री पर एक हाथ से हैरतअंगेज कैच लिया
- फोटो : सोशल मीडिया
आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-दो में नेपाल के रोहित पौडेल ने एक ऐसा कैच पकड़ा, जिसकी दुनियाभर में तारीफ हो रही है। यह टूर्नामेंट ओमान, नेपाल और अमेरिका के बीच खेला जा रहा है। इसके दूसरे मैच में ओमान ने नेपाल को पांच विकेट से हरा दिया। हालांकि, मैच में ओमान की जीत से ज्यादा रोहित के कैच की तारीफ हो रही है। खुद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) भी उनकी तारीफ किए बिना नहीं रह सका।
वायरल हुआ रोहित का कैच
ओमान की पारी के 26वें ओवर में नेपाल के कुशल मल्ला गेंदबाजी कर रहे थे। इस ओवर की तीसरी गेंद पर बल्लेबाज जतिंदर सिंह ने लॉन्ग ऑन पर बड़ा शॉट खेला। जतिंदर के शॉट को देखकर लग रहा था कि गेंद सीमा रेखा के पार चली जाएगी, लेकिन लॉन्ग ऑन पर फील्डिंग कर रहे रोहित ने ऐसा कुछ कर दिखाया जिससे सभी हैरान रह गए।
रोहित भागकर बाउंड्री लाइन के पास पहुंचे और हवा में उछलकर एक हाथ से गेंद को सीमा रेखा के अंदर फेंका और वह सीमा रेखा के बाहर चले गए। फिर सीमा रेखा के अंदर आकर उन्होंने हवा में छलांग लगाते हुए कैच पकड़ा। इस तरह जतिंदर सिंह 107 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटे।
ओमान ने नेपाल को हराया
हालांकि, जतिंदर का कैच भी नेपाल को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं रहा। मैच में नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ओमान के सामने 197 रनों का टारगेट रखा था। ओमान ने टारगेट को पांच विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। जतिंदर ने सिर्फ 62 गेंदों पर 107 रन की पारी खेली।