फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नमन धीर: सोशल मीडिया पर मिली बधाई को समझा स्पैम, फिर वनडे टीम में अपना नाम देख रह गए हैरान; चयन पर क्या बोले?

Sat, 26 Sep 2026 08:25 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, तिरुवनंतपुरम

सार

नमन धीर ने बताया कि भारत की वनडे टीम में अपना नाम देखकर उन्हें करीब 10 मिनट तक यकीन नहीं हुआ और उन्होंने इस पल को अपने जीवन का सपना सच होने जैसा बताया। छह-सात साल तक क्रिकेट से दूर रहने के बाद धीर ने शेर-ए-पंजाब टी20 में शानदार प्रदर्शन किया, जहां 655 रन और 173 रन की पारी के दम पर उन्हें टीम इंडिया में जगह मिली।
विज्ञापन
नमन धीर - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत की वनडे टीम में पहली बार चुने जाने की खबर नमन धीर के लिए किसी सपने के सच होने जैसी थी। सोशल मीडिया पर जब उन्हें टीम में चयन की बधाई का मैसेज मिला तो उन्होंने इसे स्पैम समझकर नजरअंदाज कर दिया। लेकिन जब उन्होंने बीसीसीआई की आधिकारिक घोषणा देखी और उसमें अपना नाम पाया, तो उन्हें करीब 10 मिनट तक यकीन ही नहीं हुआ कि उनका चयन वास्तव में भारतीय टीम में हो गया है।
विज्ञापन

बीसीसीआई ने साझा किया खास वीडियो
बीसीसीआई द्वारा शनिवार को सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में धीर ने अपने चयन के उस पल को याद करते हुए कहा, 'मुझे इंस्टाग्राम पर एक मैसेज मिला, जिसमें मुझे बधाई दी गई थी। मैंने उसे नजरअंदाज कर दिया, क्योंकि मुझे लगा कि कुछ और होगा। लेकिन जब मैंने वह पोस्ट खोली और उसमें अपना नाम देखा तो मैं 10 मिनट तक इसे समझ ही नहीं पाया।' उन्होंने आगे कहा, 'मुझे लगा कि मेरा चयन हो गया है। यह मेरे लिए बेहद खास और अविश्वसनीय पल था। सबसे पहले मैंने अपने पिता को फोन किया। वह बहुत खुश थे और भावुक भी हो गए थे।'

नमन धीर - फोटो : IANS
छह-सात साल तक क्रिकेट से दूर रहे
नमन धीर की भारतीय टीम तक पहुंचने की कहानी संघर्ष और धैर्य से भरी रही है। पंजाब के लिए अंडर-16 स्तर पर खेलने के बाद वह करीब छह-सात साल तक किसी बड़े टूर्नामेंट में नहीं खेल सके। इसके बाद अंडर-25 टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन ने उनके करियर को नई दिशा दी। धीर ने बताया कि अंडर-25 में रन बनाने के बाद उन्हें रणजी ट्रॉफी के लिए बुलाया गया और इसके बाद आईपीएल में खेलने का मौका मिला।

उन्होंने कहा, 'हर बच्चा जो क्रिकेट खेलना शुरू करता है, उसका सपना भारत के लिए खेलना होता है। मेरे लिए भी यह सपने के सच होने जैसा है। एक समय पुराना नमन क्रिकेट छोड़ने के बारे में सोच रहा था, लेकिन नया नमन कहता है कि आपको ईमानदारी से मेहनत करते रहना चाहिए।'

आईपीएल ने बदली करियर की दिशा
रणजी ट्रॉफी के बाद नमन धीर को आईपीएल में मुंबई इंडियंस की ओर से खेलने का मौका मिला। 2024 में अपने पहले आईपीएल सीजन में उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ महज 28 गेंदों पर 62 रन की तूफानी पारी खेलकर अपनी क्षमता का परिचय दिया था। इसके बाद उन्होंने मध्यक्रम में आक्रामक बल्लेबाज के रूप में अपनी पहचान बनाई। 2025 में इंडिया ए के लिए खेलने और एसीसी इमर्जिंग टीम्स एशिया कप में हिस्सा लेने के बाद वह चयनकर्ताओं की नजरों में बने रहे।

शेर-ए-पंजाब टी20 में मचाया धमाल
भारत की वनडे टीम में चयन से पहले धीर ने हाल ही में संपन्न शेर-ए-पंजाब टी20 टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने टूर्नामेंट में 655 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 217.61 रहा। इस दौरान उन्होंने 49 चौके और 49 छक्के लगाए। उनकी सबसे यादगार पारी 64 गेंदों पर 173 रन की रही। इस प्रदर्शन के महज आठ दिन बाद उन्हें भारतीय वनडे टीम में जगह मिल गई। इससे पहले उन्हें ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ पुदुचेरी में होने वाली वनडे सीरीज के लिए इंडिया ए टीम में भी चुना गया था।
विज्ञापन

रोहित-विराट - फोटो : ANI
विराट-रोहित के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना खास
भारतीय टीम में शामिल होने को लेकर धीर ने कहा कि वह बचपन से विराट कोहली, रोहित शर्मा और अन्य भारतीय खिलाड़ियों को देखते हुए बड़े हुए हैं। उन्होंने कहा, 'विराट भाई, रोहित भाई, शुभमन और बाकी सभी दिग्गजों को मैंने बचपन से खेलते हुए देखा है। मैंने उन्हें देखकर क्रिकेट खेलना शुरू किया। 2011 विश्व कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी की यादें सभी के साथ जुड़ी हैं। ऐसे खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है।'

डेब्यू से पहले पल को जीना चाहते हैं
नमन धीर अब भारत की कैप मिलने के पल का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, वह फिलहाल इस खास मौके को पूरी तरह महसूस करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'भारत की कैप मिलने पर मुझे कैसा महसूस होगा, यह अभी नहीं जानता। लेकिन इस समय मैं इस पल का पूरा आनंद लेना चाहता हूं, क्योंकि मैंने पूरी जिंदगी इसका इंतजार किया है। मैं अपना 100 प्रतिशत से ज्यादा देने की कोशिश करूंगा, लेकिन साथ ही इस पल को पूरी तरह जीना भी चाहता हूं।'
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें