भारतीय टीम चैंपियंस ट्रॉफी में प्रबल दावेदार के तौर पर उतरेगी। रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम 20 फरवरी से बांग्लादेश के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। श्रीलंका के पूर्व दिग्गज स्पिनर मुथैया मुरलीधरन ने चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर अपनी राय रखी और बताया कि भारत को चैंपियन बनना है तो रोहित और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को रन बनाने होंगे और टीम की जीत में योगदान देना होगा।
रोहित ने की फॉर्म में वापसी
रोहित ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में शतक लगाकर फॉर्म में वापसी की है, जबकि कोहली का बल्ला खामोश चल रहा है और उनसे जल्द ही फॉर्म में वापसी की उम्मीद लगाई जा रही है। रोहित ने रविवार को अपना 32वां वनडे शतक लगाया जो उनका वनडे विश्व कप 2023 में अफगानिस्तान के खिलाफ लगाए गए शतक के बाद पहला सैकड़ा था। कोहली इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में घुटने में चोट के कारण नहीं खेले थे, लेकिन दूसरे मैच में उन्हें मौका मिला पर वह सस्ते में आउट हुए।
मुरलीधरन ने कहा, निश्चित रूप से, क्योंकि वे विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं। हमेशा कहा जाता है कि कौशल स्थायी होता है और फॉर्म अस्थायी होती है। इसलिए वे (रोहित-कोहली) फॉर्म में आ जाएंगे। रोहित ने शतक बनाया है और विराट भी फॉर्म में आ जाएंगे। निश्चित रूप से, भारत की जीत के लिए उन्हें इस टूर्नामेंट में फॉर्म में होना चाहिए।
मुरलीधरन बोले - उपमहाद्वीप की टीमों के पास संतुलित स्पिन आक्रमण
मुरलीधरन ने कहा कि उपमहाद्वीप की टीमों के पास पाकिस्तान और यूएई की परिस्थितियों के लिए संतुलित स्पिन आक्रमण होगा। उन्होंने कहा, स्पिन गेंदबाजी अधिक महत्वपूर्ण है क्योंकि पाकिस्तान में विकेट स्पिनरों के लिए मददगार होंगे, यहां तक कि यूएई में भी। मुझे लगता है कि स्पिनर इस टूर्नामेंट में बड़ी भूमिका निभाएंगे। दुनिया में बहुत सारे अच्छे स्पिनर हैं क्योंकि अगर आप भारत को लें तो टीम में लगभग चार स्पिनर हैं और अगर आप अफगानिस्तान को देखें तो उनके पास भी अच्छा स्पिन आक्रमण है और यहां तक कि बांग्लादेश के पास भी। उपमहाद्वीप के हर देश में अच्छे स्पिनर हैं।
मुरलीधरन ने कहा, भारत के पास ऑलराउंड आक्रमण है क्योंकि उनके पास बहुत अच्छे स्पिनर और तेज गेंदबाज भी हैं। यहां तक कि पाकिस्तान के साथ भी ऐसा है। उपमहाद्वीप के देशों के पास इस तरह की खेल परिस्थितियों के लिए संतुलित आक्रमण है।