टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली टीम की शुरुआत निराशाजनक रही। दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर मुंबई के तेज गेंदबाज मिचेल मैक्लेंघन ने युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ (7) को विकेट के पीछे क्विंटन डी कॉक के हाथों कैच आउट कराया। दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए केवल 10 रन की साझेदारी हुई।
पृथ्वी शॉ के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर भी ज्यादा देर तक पिच पर नहीं टिक पाए। 3.4 ओवर में मिचेल मैक्लेंघन ने अय्यर को ऑफ स्टंप पर किरोन पोलार्ड के हाथों कैच आउट कराया। पोलार्ड ने अय्यर का बेहतरीन कैच लपका। अय्यर ने 10 गेंदों में 2 चौके और एक छक्के की मदद से 16 रन बनाए।
यहां से शिखर धवन और कोलिन इनग्राम ने पारी को संभाला और स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। 112 रन के स्कोर पर कोलिन इनग्राम के रूप में दिल्ली का तीसरा विकेट गिरा। तेज गेंदबाज बेन कटिंग ने उन्हें डीप मिडविकेट पर हार्दिक पांड्या के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। उन्होंने 32 गेंदों में 7 चौके और एक छक्के की मदद से 47 रन की शानदार पारी खेली। तीसरे विकेट के लिए उन्होंने धवन के साथ 83 रन की बड़ी साझेदारी की।
15.1 में दिल्ली को शिखर धवन के रूप में चौथा झटका लगा। धवन हार्दिक पांड्या की गेंद पर शानदार शॉट लगाया, लेकिन डीप मिडविकेट पर तैनात सुर्यकुमार यादव ने शानदार कैच पकड़कर उन्हें पेविलयन का रास्ता दिखाया। वह 36 गेदों में 4 चौके और 1 छक्के की मदद से 43 रन की पारी खेली। धवन के आउट होने के कुछ ही देर बाद कीमो पॉल के रूप में दिल्ली का पांचवां विकेट गिरा। वह केवल 3 रन बनाकर आउट हो गए।
इसके बाद बल्लेबाजी करने आए अक्षर पटेल भी 4 रन बनाकर चलते बने। उन्हें जसप्रीत बुमराह ने अपना शिकार बनाया। बुमराह ने पटेल को रसिख सलाम के हाथों कैच आउट कराया। मुंबई की तरफ से मिचेल मैक्लेंघन ने 3, जबकि जसप्रीत बुमराह, बेन कटिंग और हार्दिक पांड्या तीनों ने 1-1 विकेट लिए।
इससे पहले मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने दिल्ली के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इंडियन टी-20 लीग के अभी तक के 11 सीजन में दिल्ली टीम का प्रदर्शन कोई खास नहीं रहा है। यह टीम अब तक एक भी बार फाइनल में प्रवेश नहीं कर पाई है। इस सीजन में टीम नए नाम, दिल्ली कैपिटल्स (पुराना नाम दिल्ली डेयरडेविल्स) के साथ मैदान में उतरी है।
इस प्रकार हैं दोनों टीमें:
मुंबई: रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, सूर्यकुमार यादव, क्रुणाल पांड्या, युवराज सिंह, किरोन पोलार्ड, हार्दिक पांड्या, बेन कटिंग, मिचेल मैक्लेंघन, रसिख सलाम, जसप्रीत बुमराह।
दिल्लीः शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ऋषभ पंत, कोलिन इनग्राम, कीमो पॉल, अक्षर पटेल, राहुल तेवतिया, कागिसो रबाडा, ट्रेंट बोल्ट और इशांत शर्मा।