टीम इंडिया के ऐतिहासिक 500वें टेस्ट मैच से एक दिन पहले बीसीसीआई ने खिलाड़ियों के चयन के लिए गठित नई टीम का ऐलान कर दिया है। पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज एमएसके प्रसाद को चयनकर्ता समिति का चीफ बनाया गया है।
बीसीसीआई की 87वीं सलाना आम बैठक में नई चयनकर्ता समिति का ऐलान किया गया। एमएसके प्रसाद वर्तमान मुख्य चयनकर्ता संदीप पाटिल की जगह लेंगे।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने पहली बार जोन के आधार पर चयनकर्ताओं के चयन के बजाए इस पद के लिए इच्छुक दावेदारों से आवेदन मांगे थे।
एमएसके प्रसाद की 5 सदस्यीय नई टीम में पूर्व क्रिकेटरों देबांग गांधी, सरनदीप सिंह, जतिन परांजपे और गगन खोड़ा को रखा गया है। सभी चयनकर्ताओं के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अनुभव की बात करें तो कुल मिलाकर 13 टेस्ट और 31 वनडे में खेलने का अनुभव है।
मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद का चयन चौंकाने वाला है क्योंकि उनके पास सिर्फ 6 टेस्ट और 17 वनडे मैच खेलने का अनुभव है जबकि इस पोस्ट के लिए वेंकटेश प्रसाद समेत कई अनुभवी क्रिकेटरों ने दावेदारी पेश की थी। इस पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज ने 96 प्रथम श्रेणी और लिस्ट-ए के 88 मैच खेले हैं।
शिर्के फिर बने बीसीसीआई सचिव
अजय शिर्के को आज निर्विरोध रूप से भारतीय क्रि केट कंट्रोल बोर्ड की एजीएम में एक बार फिर बोर्ड का सचिव चुन लिया गया। शिर्के ही इस पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार थे। अनुराग ठाकुर के बीसीसीअई अध्यक्ष बनने के बाद 62 वर्षीय शिर्के ने 22 मई को सचिव पद संभाला था। शिर्के का कार्यकाल एजीएम तक तय किया गया था। महाराष्ट्र क्रिकेट संघ के प्रमुख शिर्के को बीसीसीआई और आईसीसी के के पूर्व अध्यक्ष शरद पवार का करीबी माना जाता है।