ऐसे में वह साक्षी के साथ भारत-न्यूजीलैंड के बीच पहले टी20 मैच का लुत्फ उठाने रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम पहुंचे थे। स्टेडियम में लगे टीवी स्क्रीन पर जैसे ही धोनी और साक्षी की तस्वीर आई, स्टेडियम में मौजूद फैंस उन्हें देखते ही बेकाबू हो गए। स्टेडियम में ही धोनी-धोनी के नारे लगने लगे। इस दौरान धोनी ने हाथ उठाकर लोगों का अभिवादन भी स्वीकार किया।
धोनी इससे पहले गुरुवार को टीम इंडिया के प्रैक्टिस सेशन में भी पहुंचे थे और भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की थी। इतना ही नहीं उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों से भी मुलाकात की थी। आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के उनके साथी डेवोन कॉनवे के साथ उन्होंने बैटिंग प्रैक्टिस भी की थी। धोनी की पूरे भारत में गजब की फैन फॉलोइंग है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके धोनी इस साल आईपीएल में सीएसकी की कप्तानी करते नजर आएंगे। यह उनका आखिरी आईपीएल हो सकता है।
भारत-न्यूजीलैंड के बीच टी20 मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 176 रन बनाए थे। डेवोन कॉनवे ने 52 और डेरिल मिचेल ने नाबाद 59 रन की पारी खेली थी। जवाब में भारतीय टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 155 रन ही बना सकी। भारत की ओर से सूर्यकुमार यादव ने 47 रन और वॉशिंगटन सुंदर ने 50 रन की पारी खेली। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का दूसरा मैच रविवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा।