बांग्लादेश को अंतिम गेंद पर हराकर टीम इंडिया ने अपने क्रिकेटप्रेमियों की होली खराब होने नहीं दी और देश में होली के जश्न के बीच दीपावली का माहौल ही बना दिया।
इस मैच में भले ही मैच का हीरो अश्विन को चुना गया, लेकिन कप्तान धोनी टीम की रोमांचक जीत के असली नायक बनाकर उभरे। लगातार छठे टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की अगुवाई कर रहे धोनी बांग्लादेश के खिलाफ इस मैच में भी एक बार फिर जीत की रुपरेखा में अपना योगदान देने में कामयाब रहे।
धोनी इस मैच में बल्लेबाजी में अपना कमाल नहीं दिखा सके थे और 12 गेंदों में सिर्फ 13 रन ही बना पाए और इसके बाद क्षेत्ररक्षण के दौरान उन पर लगातार दबाव था क्योंकि यह सभी को पता था कि लक्ष्य बहुत बड़ा नहीं है और गेंदबाजों को विकेट झटकने ही होंगे।
147 रनों के लक्ष्य के जवाब में बांग्लादेश को शुरुआत में ही झटका लग गया लेकिन इसके बाद उसकी ओर से दूसरे विकेट के लिए तमीम इकबाल और सब्बीर रहमान के बीच 44 रनों की साझेदारी ने टीम इंडिया के प्रशंसकों की धड़कनें बढ़ा दी थी। बांग्ला पारी का आठवां ओवर जो रविंद्र जडेजा डाल रहे थे ने इस ओवर की दूसरी गेंद पर कुछ ललचाई टाइप की गेंद फेंकी जिससे झांसे में बल्लेबाज तमीम इकबाल आ गए और क्रीज छोड़कर आगे बढ़ गए शॉट खेलने को और वह शॉट खेलन से चूक गए जिसका फायदा विकेटकीपर धोनी ने उठाया और उन्हें स्टंप आउट कर दिया। भारत को इस समय विकेट की बड़ी जरुरत थी।
इसके बाद धोनी ने 10वां ओवर डालने के लिए सुरेश रैना को गेंद थमाई। उन्होंने इस ओवर की दूसरी गेंद वाइड डाल दी, लेकिन बाहर जाती गेंद को खेलने के प्रयास में बल्लेबाज सब्बीर रहमान अपने क्रीज से बाहर निकल गए। शॉट खेलने के चक्कर में उनका एक पैर क्रीज के अंदर ही रहा लेकिन हवा में उठ गया और इस बीच धोनी ने चपलता दिखाते हुए आधे सेकेंड के अंतर पर ही फिर से स्टंप कर दिया। उन्हें इस पर सफलता मिलने की उम्मीद नहीं थी लेकिन टीवी रिप्ले में वह आउट थे और थर्ड अंपायर ने आउट दे दिया। भारत को लगातार 2 विकेट स्टंपिंग के जरिए मिले।