आईपीएल 2023 में 41 साल के महेंद्र सिंह धोनी का जलवा कायम है। धोनी की हर मैदान पर फैंस का भरपूर समर्थन मिल रहा है और अक्सर वह आखिरी के ओवरों में बल्लेबाजी के लिए आकर फैंस का मनोरंजन कर रहे हैं। पंजाब और चेन्नई के मैच में भी ऐसा ही हुआ। इस मैच में धोनी ने चेन्नई की पारी की आखिरी दो गेंदों में दो छक्के लगाए और अपनी टीम का स्कोर 200 रन तक पहुंचा दिया। चेन्नई के फैंस धोनी के दो छक्के देखकर मंत्रमुग्ध हो गए। सोशल मीडिया पर भी धोनी के ये दोनों छक्के वायरल हो रहे हैं।
इस मैच में धोनी पारी के 20वें ओवर में बल्लेबाजी के लिए आए थे। पंजाब के लिए सैम करन आखिरी ओवर कर रहे थे और पहली गेंद पर उन्होंने रवींद्र जडेजा को आउट किया। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए धोनी पहली गेंद पर कुछ नहीं कर सके। वहीं, दूसरी गेंद पर सिर्फ एक रन ले पाए। कॉन्वे भी अगली गेंद पर आउट होने से बचे और सिर्फ एक रन ही ले सके। इसके बाद धोनी ने ओवर की पांचवीं गेंद पर प्वाइंट के ऊपर छक्का लगा दिया। वहीं, आखिरी गेंद पर उन्होंने मिडविकेट पर छक्का लगाया। इस दौरान उन्होंने पंजाब किंग्स के सैम करन को जमकर पीटा। सैम करन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। इस साल मिनी ऑक्शन में उन्हें पंजाब की टीम ने 18.50 करोड़ में खरीदा था।