भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के नेतृत्व करने की क्षमता की जमकर सराहना की है। बुमराह नियमित कप्तान रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में होने वाले पहले टेस्ट मैच में टीम की कमान संभालेंगे। बुमराह इस सीरीज में उपकप्तान की भूमिका भी निभाएंगे। रोहित दूसरी बार पिता बनने के कारण पहले मैच से बाहर रहेंगे।
बुमराह इससे पहले 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट मैच में भी भारतीय टीम की कमान संभाल चुके हैं। भारत को हालांकि उस मैच में सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। बुमराह हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ हुई टेस्ट सीरीज के दौरान भी उपकप्तान की भूमिका में थे। मोर्कल ने कहा कि बुमराह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज के दौरान युवा तेज गेंदबाजों को सही रास्ता दिखाएंगे।
मोर्कल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, बुमराह ऐसे व्यक्ति हैं जो नेतृत्व करने के लिए तैयार रहते हैं। अतीत में वह काफी सफल रहे हैं और उन्हें पता है कि क्या उम्मीद की जाती है। बुमराह ड्रेसिंग रूम में अच्छे से बात करते हैं। वह ऐसे व्यक्ति हैं जो गेंदबाजी में सामने से नेतृत्व करता है और युवा गेंदबाज उन्हें फॉलो करते हैं।
मोर्कल ने यह भी कहा कि विराट कोहली और केएल राहुल जैसे खिलाड़ी अपने इनपुट बुमराह के साथ साझा कर सकते हैं जिससे उन्हें कप्तान के रूप में आगे बढ़ने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा, बुमराह के लिए यह एक बड़ी चुनौती है, लेकिन हमारे पास कोहली और राहुल जैसे खिलाड़ी भी हैं जो काफी अनुभवी हैं और उनकी सहायता कर सकते हैं। मुझे यकीन है कि जब वह गेंदबाजी करेंगे तो टीम में एक शांति लाएंगे। कप्तान के तौर पर देखूं तो मैं उन्हें एक स्वाभाविक नेतृत्वकर्ता मानता हूं।
बुमराह का ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर शानदार रिकॉर्ड है और उन्होंने सात टेस्ट मैचों में 32 विकेट लिए हैं। 2018-19 और 2020-21 दौरे में मिली सफलता के बाद भारतीय टीम की नजरें ऑस्ट्रेलियाई धरती पर लगातार तीसरी सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगी।