एक नाइटक्लब के बाहर बाउंसर पर पेशाब करने से विवादों में आए मोंटी पनेसर के बुरे दिन अब खत्म हो गए हैं।
पेशाब करने की घटना के कुछ दिन बाद ही पनेसर का अपनी फार्मासिस्ट पत्नी गुरशरण रतन से तलाक भी हो गया था।
विवाद, तलाक और ससेक्स काउंटी क्रिकेट क्लब की टीम से निकाले जाने के बाद उनके लिए अच्छी खबर आई है। इंग्लैंड के इस लेफ्ट आर्म स्पिनर की नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में खेली जाने वाली रिटर्न एशेज सीरीज के लिए राष्ट्रीय टीम में वापसी हुई है।
घोषित 17 सदस्यीय इंग्लिश टीम में पनेसर के अलावा तीन गैर अनुभवी खिलाड़ियों यार्कशायर के बल्लेबाज गैरी बैलेंस, वारविकशायर के तेज गेंदबाज ब्वायड रैंकिन तथा डरहम के आलराउंडर बेन स्ट्रोक्स को टीम का हिस्सा बनाया गया है।
गत माह संपन्न हुई एशेज सीरीज में 3-0 से जीत दर्ज करने वाली इंग्लिश टीम मुख्य सीरीज से पहले तीन अभ्यास मैच खेलेगी। दोनों टीमों के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मैच ब्रिस्बेन में 21 नवंबर से खेला जाएगा।
आलराउंडर टिम ब्रेसनन अभी तक अपनी पीठ की चोट से उबर नहीं सके हैं लेकिन फिर भी वह दौरे पर जाएंगे जहां कोच उनकी फिटनेस की निगरानी करेंगे।
पनेसर ने 2006 में नागपुर में भारत के खिलाफ टेस्ट करियर का आगाज किया था। उन्होंने अब तक 48 टेस्ट (164 विकेट), 26 वनडे (24 विकेट) और एक टी-20 (2 विकेट) मैच खेले हैं।