भारत ने रिकॉर्ड छठी बार जीता खिताब
यह दूसरी बार है जब भारतीय टीम ने अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड को मात दी है। इससे पहले टीम ने 2022 में इंग्लैंड को हराकर पांचवीं बार अंडर-19 विश्व कप का खिताब जीता था। भारत ने 10 बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई और अब रिकॉर्ड छठी बार खिताब जीत लिया है। इससे पहले टीम ने 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में ट्रॉफी अपने नाम की थी। भारत को 2026 का खिताब जिताकर आयुष म्हात्रे दिग्गजों की लिस्ट में शामिल हो गए। उनसे पहले मोहम्मद कैफ और विराट कोहली जैसे खिलाड़ियों की कप्तानी में अंडर-19 विश्वकप का खिताब जीता था।
कब-कब विजेता बना भारत?
- 1999-00 अंडर-19 विश्व कप (श्रीलंका)
भारत ने मोहम्मद कैफ के नेतृत्व में श्रीलंका को छह विकेट से हराकर पहली बार अंडर-19 विश्व कप की ट्रॉफी जीती थी। खिताबी मैच में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 178 रन बनाए थे। जवाब में टीम इंडिया ने महज 40.4 ओवर में 180 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया था।
- 2007-08 अंडर-19 विश्व कप (मलयेशिया)
भारत को अपने दूसरे अंडर-19 विश्व कप खिताब के लिए आठ साल इंतजार करना पड़ा था। विराट कोहली के नेतृत्व में टीम ने दक्षिण अफ्रीका को डीएलएस मैथड के आधार पर 12 रन से हराकर ट्रॉफी नाम की थी।
- 2012 अंडर-19 विश्व कप (ऑस्ट्रेलिया)
2012 में भारतीय अंडर-19 टीम उनमुक्त चंद के नेतृत्व में खेलने उतरी थी। फाइनल में टीम का सामना ऑस्ट्रेलिया से हुआ, जिसे भारत ने छह विकेट से हराकर तीसरी ट्रॉफी जीती।
- 2017-18 अंडर-19 विश्व कप (न्यूजीलैंड)
भारत को अंडर-19 विश्व कप का खिताब जिताने वाले कप्तानों की लिस्ट में पृथ्वी शॉ का भी नाम शामिल है। उनके नेतृत्व में टीम इंडिया ने 2017 में ट्रॉफी जीती थी। फाइनल में टीम का सामना ऑस्ट्रेलिया से हुआ। जेसन सांघा की अगुवाई में ऑस्ट्रेलिया ने 216 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय अंडर-19 टीम ने 38.5 ओवर में 220 रन बनाकर ट्रॉफी जीती थी।
- 2021-22 अंडर-19 विश्व कप (वेस्टइंडीज)
भारत ने पांचवीं अंडर-19 विश्व कप की ट्रॉफी यश ढुल के नेतृत्व में इंग्लैंड को हराकर जीती थी। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 189 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने 47.4 ओवर में छह विकेट खोकर 195 रन बनाए और चार विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
- 2025-26 अंडर-19 विश्व कप (नामीबिया-जिम्बाब्वे)
भारत ने इंग्लैंड को अंडर-19 विश्व कप के फाइनल मुकाबले में 100 रन से हराकर छठी बार खिताब जीत लिया। शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने वैभव सूर्यवंशी की 175 रनों की धमाकेदार पारी की मदद से 50 ओवर में नौ विकेट पर 411 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवर में 311 रन ही बना सकी।